Ateli Mandi News: दीपावली त्योहार को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने शहरवासियों की सुविधा और बाजार में सुगम खरीद-फरोख्त के लिए व्यापारियों को सात दिन की अस्थायी अनुमति देने का निर्णय लिया है।
सरकार के निर्देश पर नपा प्रशासन दुकानदारों को दुकान के आगे टैंट या अतिरिक्त सामान रखने की यह अनुमति देगा, जिसके लिए निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।
नपा की ओर से जारी सूचना के अनुसार दुकानदारों और व्यापारियों को उनके प्रतिष्ठानों के सामने सीमित क्षेत्र में अस्थायी टैंट या अतिरिक्त सामान रखने के लिए सात दिन की अनुमति मिलेगी। दीपावली के बाद यह अनुमति स्वत: ही समाप्त हो जाएगी। इसके लिए नपा दुकानदारों से प्रति वर्ग फुट 7 रुपए शुल्क वसूल करेगी।
नपा ने यह भी अनिवार्य किया है कि सभी दुकानदार अनुमति लेने के बाद ही निर्धारित क्षेत्र में अस्थायी टैंट या डिस्प्ले लगा सकेंगे। इसके लिए उन्हें नपा कार्यालय में अनुमति का प्रार्थना पत्र देना होगा। बिना अनुमति के टैंट या सामान लगाने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है।
इस संबंध में नपा सचिव प्रशांत पाराशर ने बताया कि यह व्यवस्था सरकार की हिदायतों के अनुसार की गई है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में खरीदारी को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह सुविधा व्यापारियों, छोटे दुकानदारों और रेहड़ी वालों को दी गई है।
यह भी देखें – राजकीय महाविद्यालय नारनौल में जोनल युवा महोत्सव को लेकर बैठक आयोजित, 21 महाविद्यालयों ने कराया पंजीकरण

