Narnaul: उद्योग एवं वाणिज्य तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को इस बार सेवा संकल्प माह के रूप में मनाया जाएगा और हरियाणा में इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महेंद्रगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से करेंगे। श्री राव मंगलवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री नरेंद्र मोदी 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और पिछले 12 वर्षों से लगातार देश के प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल को देश के नागरिकों ने पूरी तरह अपनाया है, और यही वजह है कि जनता लगातार श्री नरेंद्र मोदी को देश सेवा का अवसर दे रही है।
राव नरबीर ने कहा दक्षिणी हरियाणा से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव रहा है। 13 सितंबर को नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में घोषित किया गया था और ठीक दो दिन बाद, 15 सितंबर को रेवाड़ी में एक विशाल जनसभा आयोजित हुई थी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना है। इसी उद्देश्य से इस अभियान के दौरान सरकारी सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 12 अलग-अलग मॉडल तैयार किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मानव सेवा की भावना को देखते हुए विश्व के कई देशों ने उन्हें सर्वोच्च सम्मानों से नवाजा है। साथ ही जब से मोदी ने प्रधानमंत्री का पद संभाला है, तभी से वैश्विक स्तर पर भारत की साख और पहचान लगातार मजबूत हुई है।
कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए राव नरबीर ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश बहुत कम समय में इस संकट से उबरा, साथ ही भारत ने गरीब देशों को भी कोरोना की दवाइयां और वैक्सीन उपलब्ध कराईं।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 24 घंटे और सातों दिन काम करने वाली पार्टी है, जो केवल चुनाव के समय ही सक्रिय नहीं होती। उन्होंने बताया कि इस एक महीने के अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता हर जगह जन सेवा के कार्यों में जुटेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वडनगर से आने वाली यात्रा का 27 तारीख को जिले में भव्य स्वागत किया जाएगा।
इस मौके पर नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, पूर्व मंत्री डॉ अभय सिंह यादव, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, राकेश शर्मा, गोबिंद भारद्वाज, किशन बोहरा, अजीत कलवाड़ी के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।
Narnaul: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महेंद्रगढ़ से 17 को करेंगे अभियान की शुरुआत

शेयर करें
AI Quick Summary
Want to save time? Let our AI read the article and give you 3 quick bullet points.
Listen to this article
AUDIO VERSION
विज्ञापन
