Rohtak News: रोहतक के महम हुडा सिटी पार्क में 17 साल के अरमान की चाकुओं से गोदकर हत्या

रोहतक के महम हुडा सिटी पार्क में 17 साल के अरमान की चाकुओं से गोदकर हत्या
Rohtak News: रोहतक जिले के महम कस्बे में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हुडा सिटी पार्क में एक 17 साल के किशोर की सरेआम चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान निंदाना खास गांव निवासी अरमान के रूप में हुई है। दर्दनाक पहलू यह है कि बीते 13 सितंबर को ही अरमान ने अपना 17वां जन्मदिन मनाया था। दो दिन बाद ही बेटे की हत्या की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में मातम पसर गया।
ITI के छात्रों से बहस के बाद ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे अरमान हुडा सिटी पार्क में मौजूद था। इसी दौरान वहां स्थानीय आईटीआई (ITI) में पढ़ने वाले करीब 15 से 20 युवकों का झुंड पहुंचा। किसी बात को लेकर अरमान और उन युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने जेब से चाकू निकालकर अरमान के चेहरे, छाती और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
खून से लथपथ छोड़ फरार हुए हमलावर
हमलावर अरमान को पार्क में खून से लथपथ हालत में छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित करते हुए गंभीर रूप से घायल अरमान को महम के सरकारी अस्पताल ले गए। हालांकि, शरीर से ज्यादा खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया की टीम जांच के लिए हुडा सिटी पार्क पहुंची। पार्क में जगह-जगह खून के धब्बे बिखरे मिले, जहां से फोरेंसिक टीम ने अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। फिलहाल हत्या के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी छात्रों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र में ट्यूशन बंक कर भाखड़ा नहर में नहाने गया 13 साल का छात्र डूबा
