Narnaul: व्यापारी के शॉर्ट सर्किट, प्राकृतिक आपदा व दुर्घटना में जान गंवाने पर होने वाले नुकसान की भरपाई करें सरकार

Narnaul: अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच की जिला महेंद्रगढ़ इकाई द्वारा रविवार को स्वर्गीय श्री दुलीचंद संघी स्मृति, पार्क रोड धर्मशाला में जिला एवं नारनौल सिटी के पदाधिकारीयों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। उक्त बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गोपाल शरण गर्ग मुख्य अतिथि रहे, जबकि इस अवसर पर अन्य विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय महामंत्री श्री सुरेंद्र चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुनील गौड़, संगठन मंत्री श्री सुधीर शर्मा, प्रदेश मंत्री श्री राजेश चौधरी, जिला महेंद्रगढ़ के प्रधान श्री संजय गर्ग, जिला महेंद्रगढ़ महिला शाखा की अध्यक्ष श्रीमती सपना गुप्ता, जिला के वरिष्ठ महामंत्री श्री बिशन सैनी तथा नारनौल सिटी के नवनियुक्त प्रधान श्री अमित गोयल (सीताराम) की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गोपाल शरण गर्ग ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश की लगभग 30 करोड़ जनसंख्या प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से व्यापार से जुड़ी हुई हैं। व्यापारी प्रतिवर्ष लाखों करोड़ों रुपए का इनकम टैक्स व हर माह 2 लाख करोड रुपए से अधिक का जीएसटी सरकार को प्रदान करता है। इसके अलावा समय-समय पर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों को को चंदा व अन्य सामाजिक कार्यों में खुलकर दान देता है। श्री गर्ग ने कहा कि इतना सब कुछ होने के बावजूद भी व्यापारी की दुकान में यदि शॉर्ट सर्किट से आग लग जाए, प्राकृतिक आपदा से नुकसान हो जाए, किसी व्यापारी की दुर्घटना में जान चली जाए या व्यापार में उत्पीड़न एवं घाटा होने पर सुसाइड करना पड़े, उस स्थिति में व्यापारी को सरकार की तरफ से कोई सहायता प्रदान नहीं की जाती, जिसे लेकर देश के करोड़ों व्यापारियों में भारी रोष हैं।
श्री गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि व्यापारी करोड़ों युवाओं को रोजगार देकर सरकार की युवाओं को रोजगार देने की कड़ी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। देश में किसानों, महिलाओं व विभिन्न वर्गों के लिए संवैधानिक आयोग बने हुए हैं, परंतु व्यापारियों के लिए देश में कोई आयोग या संस्था ऐसी नहीं है, जो व्यापारी की मदद कर सके। उन्होंने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ के प्रत्येक शहरों में खासकर नारनौल मुख्यालय के मुख्य बाजारों में बढ़ते हुए अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए। श्री गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलेगा। इसी प्रकार राष्ट्रीय स्तर पर माननीय प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, वित्त मंत्री एवं उद्योग तथा वाणिज्य मंत्री को पत्र लिखकर देश में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार कल्याण आयोग का गठन करने के लिए पत्र लिखेगा तथा जो सांसद व्यापार से जुड़े हुए हैं, उन्हें लोकसभा व राज्यसभा में व्यापारियों की समस्याओं को उठानें के लिए आग्रह करेगा व सरकार की तरफ से संकट के समय व्यापारियों की मदद करने के लिए कहा जाएगा।
राष्ट्रीय महामंत्री श्री सुरेंद्र चौधरी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि देश के व्यापारीयों का केंद्र व प्रदेशों में सरकार बनाने में हमेशा अहम रोल होता है। व्यापारी चुनावों में विभिन्न राजनीतिक दलों की हवा को बनाता है, लेकिन संकट के समय लाखों करोड़ों रुपए का टैक्स देने के बावजूद भी सरकार की तरफ से व्यापारी की कोई मदद न होने के कारण देश में प्रदेश के व्यापारियों में भारी रोष हैं। श्री चौधरी ने केंद्र व प्रदेश सरकारों से मांग करते हुए कहा कि ऐसे छोटे व्यापारीयों, जिनकी पास जीएसटी नंबर है और उनकी 25 लाख रुपए सालाना सेल है, उन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों एवं दुकानों का सरकार को 25 लाख रुपए तक का सुरक्षा बीमा कराना चाहिए व उनका प्रीमियम सरकार को भरना चाहिए। इसी तरह छोटे व्यापारियों को भी प्रधानमंत्री स्वास्थ्य योजना या प्रदेश सरकार की आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के माध्यम से 5 लाख रुपए तक की फ्री मेडिकल सुविधा मिलनी चाहिए। किसानों के तर्ज पर व्यापारी को भी 60 वर्ष की उम्र के बाद सम्मान पेंशन मिलना चाहिए। श्री चौधरी ने कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच का हरियाणा के 1-2 जिलों को छोड़कर सभी जिलों में गठन हो चुका है। इसी प्रकार देश के 15 से ज्यादा राज्यों में व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच का गठन हो चुका है। श्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश स्तर पर व 2027 के अंत में एक बड़ा राष्ट्रीय सम्मेलन दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष श्री सुनील गौड़, प्रदेश संगठन मंत्री श्री सुधीर शर्मा, जिला महिला अध्यक्ष सपना गुप्ता, नवनियुक्त शहरी प्रधान अमित गोयल (सीताराम) ने भी अपने विचार रखें। जिला अध्यक्ष संजय गर्ग ने मुख्य अतिथि एवं अन्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को विश्वास दिलाया कि वो शीघ्र ही महेंद्रगढ़ जिले के अन्य शहरों व कस्बों में व्यापार सुरक्षा मंच के पदाधिकारी नियुक्त करेंगे। जिला वरिष्ठ महामंत्री श्री बिशन सैनी ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारीयों का स्वागत किया। आज के इस कार्यक्रम में जिला स्तर पर 11 व नारनौल सिटी के 37 पदाधिकारीयों को राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा नियुक्ति पत्र सौंप गए।
