July 21, 2026

Kurukshetra News: दुकान पर आया, दोस्ती की और फिर दोस्त को ही उतार दिया मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

0
Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में दोस्त ने ही सुहाग उजाड़ा, पत्नी के अवैध संबंध के शक में राजू की हत्या

'पिताजी, मोहित मुझे रास्ते से हटा देगा', मरने से पहले राजू ने जताई थी जो आशंका,

Kurukshetra News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सांवला गांव में रिश्तों के त्रिकोण और शक के चलते एक शख्स को अपनी जान गंवानी पड़ी। 40 वर्षीय राज कुमार उर्फ राजू को जिस बात का डर था, आखिरकार वही हुआ। राजू ने वारदात से कुछ समय पहले ही अपने पिता राजेंद्र को साफ शब्दों में कहा था कि उसे रास्ते से हटाए जाने की साजिश रची जा रही है। राजू का यह शक किसी और पर नहीं, बल्कि उसके अपने ही दोस्त मोहित पर था। पुलिस के अनुसार, इस पूरे हत्याकांड की जड़ में मृतक की पत्नी और आरोपी के बीच का प्रेम-प्रसंग है, जिसमें अब पत्नी की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

दुकान से शुरू हुई दोस्ती, फिर घर में लगी सेंध

मामले की कड़ियों को जोड़ें तो मुनियापुर गांव का रहने वाला मोहित करीब तीन महीने पहले राजू की दुकान पर आने-जाने लगा था। देखते ही देखते दोनों में दोस्ती हो गई, लेकिन इस दोस्ती की आड़ में मोहित की नजदीकियां राजू की पत्नी से बढ़ने लगीं। जब दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला लंबा खिंचा, तो राजू को इस अवैध संबंध की भनक लग गई। राजू ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए मोहित को अपनी पत्नी से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी। राजू को यह अहसास हो चुका था कि उसकी टोकना मोहित को नागवार गुजरी है और वह उसकी जान ले सकता है।

18 जुलाई की वो काली रात: शराब पिलाकर घोंटा गला

आरोपी मोहित ने राजू को रास्ते से हटाने के लिए 18 जुलाई की रात का वक्त चुना। वह बाइक लेकर राजू की दुकान पर पहुंचा और उसे अपने साथ बैठाकर खेतों की तरफ ले गया। वहां उसने पहले राजू को छककर शराब पिलाई। जैसे ही राजू पर शराब का नशा हावी हुआ और वह खुद को संभालने की स्थिति में नहीं रहा, मोहित ने अपने परने (अंगोछे) से उसका गला घोंट दिया। राजू तड़पता रहा, लेकिन नशे और दोस्त के धोखे के आगे उसकी एक न चली। वारदात को अंजाम देने के बाद मोहित ने लाश को सड़क किनारे ठिकाने लगाया और फरार हो गया।

सुबह गुरुद्वारे के पास मिला शव, पुलिस रिमांड में उगलवाएगी सच

अगले दिन यानी 19 जुलाई की सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव के ही दासा राम जब गुरुद्वारे के पास से गुजर रहे थे, तो उन्होंने राजू का लहूलुहान शव पड़ा देखा। परिजनों को सूचना मिलते ही कोहराम मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कल रात ही आरोपी मोहित को दबोच लिया, जो चार महीने पहले ही दुबई से वापस आया था। आज पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी, ताकि वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की जा सके और मृतक की पत्नी की संलिप्तता का पूरा सच सामने आ सके।

यह भी पढ़ें–मानसून की दोबारा एंट्री: झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत इन जिलों में बिजली गिरने की आशंका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed