Narnaul News: नारनौल NH-152D पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी बेकाबू कार, तीन लोगों की मौके पर मौत
खैरड़ी मोड़ के पास सड़क हादसे में तीन की मौत
Narnaul News: नारनौल के समीप नेशनल हाईवे-152डी (NH-152D) पर गुरुवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। खैरड़ी मोड़ के पास सुबह करीब 5:00 से 5:30 बजे के बीच एक कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार नारनौल निवासी तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
अंबाला से नारनौल लौट रही थी कार
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, टाटा पंच कार (नंबर HR 35W 6112) अंबाला की दिशा से नारनौल की तरफ आ रही थी। जैसे ही कार खैरड़ी मोड़ के समीप पहुंची, अचानक आगे चल रहे ट्रक (नंबर HP 72D 9773) के पिछले हिस्से से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसा इतना अचानक हुआ कि कार सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
मृतक मनोज जैन की हुई शिनाख्त, दो की पहचान बाकी
पुलिस ने मृतकों में से एक व्यक्ति की पहचान रामकरण दास कॉलोनी, नारनौल निवासी मनोज कुमार जैन (पुत्र सुभाष चंद्र जैन) के रूप में की है। वहीं, कार में मौजूद अन्य दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क साधने में जुटी है।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से हटवाकर सुचारू कराया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे की असल वजह का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि तड़के चालक को झपकी आने या तेज रफ्तार होने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
नारनौल शहर में इस दुखद हादसे की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें– अंबाला-करनाल समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए अपने जिले का हाल
