July 17, 2026

Punjab News: विदेश से लौटते ही राहुल गांधी ने खरगे संग की अहम बैठक, पंजाब की स्थिति पर चर्चा

0
Punjab News: विदेश से लौटते ही राहुल गांधी ने खरगे संग की अहम बैठक, पंजाब की स्थिति पर चर्चा

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे

Punjab News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को विदेश से लौटने के तुरंत बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ एक अहम बैठक की। समझा जाता है कि इस बैठक में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब कांग्रेस में जारी नेतृत्व के संकट पर गंभीर चर्चा हुई। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी और खरगे ने पंजाब के पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल को दिल्ली तलब किया है। वह बुधवार को आलाकमान से मुलाकात करेंगे, जिसके बाद इस संकट को सुलझाने का आगे का रास्ता निकाला जाएगा। खरगे के आवास पर हुई इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे।

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी पंजाब के नेताओं की राय सुनने के लिए तैयार हैं और राज्य इकाई के भीतर जारी ‘बगावत’ को जल्द से जल्द शांत करना चाहते हैं। पार्टी नेतृत्व इस बात को लेकर चिंतित है कि कांग्रेस राज्य इकाई में जारी गुटबाजी और आपसी कलह के बीच विधानसभा चुनावों में नहीं उतर सकती। दरअसल, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बनाए रखने के आलाकमान के फैसले से राज्य इकाई में असंतोष भड़क गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई वरिष्ठ नेता इस फैसले का खुलकर विरोध कर रहे हैं। पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भी राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने के खिलाफ हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए पिछले कुछ दिन पंजाब में गुजारे हैं, जहां उन्होंने पार्टी के विभिन्न गुटों और नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने इस संबंध में अपनी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंप दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed