Pehowa heavy rain: (अभिषेक पूर्णिमा) हरियाणा के पिहोवा में आज कुदरत का ऐसा रौद्र रूप देखने को मिला जिसने अन्नदाताओं की सांसे अटका दीं। सामान्य दिनों की तरह खिली धूप के बजाय रविवार को अचानक आसमान का मिजाज ऐसा बदला कि सुबह-सकूं के समय ही वातावरण में धुंधलापन और गहरे काले बादलों का पहरा बैठ गया। स्थिति यह हो गई कि दोपहर के करीब 11-12 बजे ही शहर में ऐसा अंधेरा छा गया मानो शाम ढल चुकी हो। आसमान में कड़कती बिजली और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने कुछ ही मिनटों में सड़कों और गलियों को तरबतर कर दिया।
इस अचानक आई आफत ने सबसे बड़ा नुकसान पिहोवा की अनाज मंडी में बैठे किसानों को पहुंचाया। मंडी परिसर में बड़ी मात्रा में धान की फसल खुले में बिक्री या तुड़ाई के लिए रखी हुई थी। पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने के कारण बरसाती पानी तेजी से मंडी के अंदर भर गया और कई जगहों पर तो धान का ढेर पानी के तेज बहाव में तैरता और बहता हुआ दिखाई दिया। किसान अपनी गाढ़ी कमाई और सालभर की मेहनत को अपनी आंखों के सामने पानी में बहते देख बेबस नजर आए।
जलभराव से बढ़ी मुश्किलें, प्रशासन पर उठे सवाल
भारी बारिश के कारण केवल मंडी ही नहीं, बल्कि पिहोवा के कई मुख्य बाजारों और निचले इलाकों में भी भयंकर जलभराव की स्थिति बन गई। मार्केट कमेटी कार्यालय के सामने और मुख्य सड़कों पर पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वाले राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन और नगर पालिका के तमाम दावों के बावजूद बारिश होते ही ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल जाती है, जिससे मामूली बरसात में भी सड़कें तालाब बन जाती हैं।
अक्टूबर के इस दौर में मौसम की यह बेरुखी किसानों के लिए किसी बड़े संकट से कम नहीं है। पहले से ही धान की सरकारी खरीद, बारदाने की कमी और उठान न होने की समस्या से जूझ रहे किसानों पर बारिश की दोहरी मार पड़ी है। खेतों में तैयार खड़ी फसल के साथ-साथ मंडियों में खुले में पड़ी उपज को लेकर अन्नदाता गहरी चिंता में डूबे हुए हैं। हालांकि, कुछ देर की मूसलाधार बारिश के बाद जब आसमान साफ हुआ और धूप निकली, तो लोगों ने राहत की सांस जरूर ली, लेकिन यह राहत किसानों के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए नाकाफी साबित हो रही है।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

