Real Life Hoverboard: साइंस-फिक्शन और सुपरहीरो फिल्मों में हवा से बातें करते ग्लाइडर और उड़ते हुए बोर्ड देखना हर किसी को रोमांचित करता है। लेकिन चीन के एक 26 वर्षीय युवा सॉन्ग जिंग्यू ने इस काल्पनिक सपने को धरातल पर सच कर दिखाया है।
सोशल मीडिया की दुनिया में ‘अमेजिंग अयी’ (Amazing Ayi) के नाम से पहचाने जाने वाले सॉन्ग ने एक ऐसा पावरफुल होवरबोर्ड तैयार किया है, जिस पर सवार होकर इंसान पक्षियों की तरह आसमान में सैर कर सकता है। हाल ही में उन्होंने यांग्त्जी नदी के उफनते पानी और ऊंचे पहाड़ों के ऊपर इस होवरबोर्ड से उड़ान भरकर दुनिया भर के टेक विशेषज्ञों को दंग कर दिया।
14 की उम्र में छूटा स्कूल, कर्ज और धोखे के थपेड़ों से निखरा हुनर
सॉन्ग का यह मुकाम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले सॉन्ग को महज 14 साल की उम्र में अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी और वे अपने पिता की छोटी सी वर्कशॉप में काम करने लगे थे।
साल 2022 में अपनी रिसर्च लैब खड़ी करने के लिए उन्होंने भारी-भरकम लोन लिया, लेकिन पार्टनर के धोखे के कारण वे कर्ज के जाल में फंस गए। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कबाड़ के सामान से अपने प्रयोग जारी रखे। आगे चलकर ‘Insta360’ नामक टेक कंपनी ने उनके हुनर को पहचाना और वित्तीय मदद देकर उनके सपने को पंख दिए।
जब हवा में उड़ाया गैस चूल्हा और वसीयत लिखकर लगाई 5 हजार मीटर से छलांग
Flying like a swordsman! Who hasn’t dreamed of this? Song Xingyu from Badong, Hubei, built his own electric manned flying skateboard.
#FlyingSkateboard #ChinaInnovation https://t.co/sBY7MBS7lq— Guan Gong (@sxrbggpp) October 26, 2026
सॉन्ग अपनी जान जोखिम में डालने वाले खतरनाक स्टंट्स के लिए मशहूर हैं। पिछले साल उन्होंने एक हॉट एयर बैलून से लटककर आसमान में उड़ते-उड़ते गैस चूल्हे पर सैंडविच और अंडे बनाकर सबको हैरत में डाल दिया था। वहीं एक अन्य प्रयोग में वे जेट-पावर्ड सूट पहनकर 5,000 मीटर की ऊंचाई से कूद गए थे। उस वक्त उनका मुख्य पैराशूट नहीं खुला और जमीन से महज 600 मीटर पहले इमरजेंसी पैराशूट खुलने से उनकी जान बची थी। इस स्टंट से पहले तो उन्होंने अपनी वसीयत तक लिख दी थी।
‘ग्रीन गोब्लिन’ के ग्लाइडर से मिला आइडिया, AI और इलेक्ट्रिक तकनीक का कमाल
इस बार सॉन्ग ने हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन’ के चर्चित विलेन ‘ग्रीन गोब्लिन’ के उड़ने वाले बोर्ड से प्रेरणा ली। शुरुआती प्रयोगों के दौरान कई बार उनके प्रोटोटाइप में आग लगी और मशीन क्रैश हुई, लेकिन वे डटे रहे। उन्होंने पारंपरिक टर्बोजेट तकनीक को दरकिनार करते हुए इसमें आधुनिक इलेक्ट्रिक मोटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया। नतीजा यह है कि उनका बनाया नया होवरबोर्ड न सिर्फ सुरक्षित है, बल्कि इतना शक्तिशाली है कि एक साथ चार व्यस्कों का वजन उठाकर आसानी से उड़ान भर सकता है।


