Gen Z Dating Codes: एक जमाना था जब इश्क और रिश्तों की दुनिया बहुत सीधी हुआ करती थी—बात पक्की हुई तो रिश्ता आगे बढ़ा, वरना बात खत्म। लेकिन आज की पीढ़ी यानी जेन-जी (Gen Z) के लिए डेटिंग का फलसफा पूरी तरह बदल चुका है। आज रिश्ते किसी अनिश्चित मोड़ पर अटके नजर आते हैं, जहां घोस्टिंग यानी अचानक बिना बताए गायब हो जाना तो आम बात हो चुकी है।
अब डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया के इस दौर में कुछ ऐसे नए कोड्स ने एंट्री मारी है, जो सामने वाले को न तो पूरी तरह अपनाते हैं और न ही जिंदगी से जाने देते हैं। अगर आप भी टिंडर या बम्बल जैसी दुनिया में एक्टिव हैं या किसी नए रिश्ते की शुरुआत कर रहे हैं, तो इन पांच अजीबो-गरीब डेटिंग ट्रेंड्स को समझना आपके लिए बेहद जरूरी है।
1. ब्रेडक्रंबिंग: उम्मीद की एक छोटी फुहार देकर लटकाए रखना
यह तरीका किसी पक्षी को दाना डालने जैसा है। जब कोई इंसान आपके साथ कोई गंभीर रिश्ता नहीं रखना चाहता, लेकिन वह आपको अपने चंगुल से खोना भी नहीं चाहता, तब वह ब्रेडक्रंबिंग का सहारा लेता है। वह कभी-कभार आपको अचानक प्यारा सा मैसेज भेज देगा, आपकी किसी रील पर दिल वाला इमोजी डाल देगा या तारीफ कर देगा, ताकि आपकी उम्मीद का दीया बुझने न पाए।
2. माइक्रो-चीटिंग: सोशल मीडिया की दुनिया में छुपकर फ्लर्ट करना
यह सीधे तौर पर धोखा देने जैसा बड़ा कदम नहीं है, लेकिन पार्टनर की पीठ पीछे डिजिटल दुनिया में की जाने वाली चालाकी जरूर है। आधी रात को किसी पुराने दोस्त की फोटो पर लाइक ठोकना, इंस्टाग्राम के इनबॉक्स में छिपकर बातें करना या फिर किसी खास चैट को म्यूट करके रखना माइक्रो-चीटिंग के दायरे में आता है। यह अंदर ही अंदर रिश्ते के भरोसे को खोखला करता है।
3. सिचुएशनशिप: बिना किसी नाम या टैग के चलने वाला सफर
आजकल के युवा बिना किसी कमिटमेंट के साथ घूमना, डिनर करना और कपल की तरह वक्त बिताना पसंद करते हैं, लेकिन जैसे ही रिश्ते को कोई नाम देने या भविष्य की बात आती है, वे पीछे हट जाते हैं। इसी को सिचुएशनशिप कहा जाता है। इसमें न तो साथ रहने का पक्का वादा होता है और न ही एक-दूसरे से पूरी तरह दूर रहने की हिम्मत होती है।
4. बेंचिंग: विकल्प खुला रखने का खेल
जैसे खेल के मैदान में किसी खिलाड़ी को सब्स्टीट्यूट या एक्स्ट्रा के तौर पर बेंच पर बैठाया जाता है, वही हाल आज की डेटिंग का है। इसमें कोई इंसान आपको अपना प्राइमरी पार्टनर नहीं मानता, बल्कि आपको बैकअप ऑप्शन की तरह इस्तेमाल करता है। वह शख्स आपसे तभी संपर्क साधेगा जब उसका कोई मेन प्लान कैंसिल हो जाए या वह अकेला महसूस कर रहा हो।
5. सॉफ्ट लॉन्च और हार्ड लॉन्च: सोशल मीडिया पर रिश्ते का ऐलान
यह तरीका आज के दौर में लव लाइफ को दुनिया के सामने लाने का नया अंदाज बन चुका है। ‘सॉफ्ट लॉन्च’ में कोई शख्स अपनी इंस्टा स्टोरी पर पार्टनर का सिर्फ हाथ, घड़ी या धुंधला सा बैकग्राउंड शेयर करता है, ताकि लोगों में सस्पेंस बना रहे। वहीं, जब रिश्ता पूरी तरह पक्का हो जाता है, तो चेहरे और नाम के साथ ‘हार्ड लॉन्च’ कर दिया जाता है।


