Rajasthan News: राजस्थान के अलवर में 80 वर्षीय व्यक्ति की उनके घर में कथित तौर पर लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बुजुर्ग का शव मिला तो उनके हाथ पैर बंधे थे और मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। पुलिस को शक है कि बृहस्पतिवार को लूटपाट के दौरान उनकी हत्या की गई। मृतक की पहचान दिनेश चंद्र अग्रवाल के तौर पर हुई है जो कोतवाली थाने के खदाना मोहल्ले में अकेले रहते थे। पुलिस के अनुसार, अग्रवाल रोज शाम को खाना खाने अपने बेटे विकास अग्रवाल के घर जाते थे।
जब वह बृहस्पतिवार रात नहीं पहुंचे तो परिवार के सदस्य उनके घर गए और उन्हें एक कमरे में मृत पाया। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। पुलिस ने बताया कि घर में तोड़-फोड़ की गई। अलमारियां खुली थीं और सामान बिखरा पड़ा था। परिवार वालों का आरोप है कि आरोपी पिछले दरवाज़े से अंदर घुसे और घर में रखे लाखों रुपये नकद लेकर भाग गए। अग्रवाल पुराने नोट बदलने का काम करते थे और आमतौर पर उनके घर पर काफी नकदी रहती थी। विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने बृहस्पतिवार रात अग्रवाल के घर जाकर शोक-संतप्त परिवारजनों से मुलाकात की।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार की पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता का एक और भयावह एवं शर्मनाक प्रमाण है। उन्होंने कहा, ‘‘आज प्रदेश के हर जिले से हत्या, लूट, डकैती और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। आज राजस्थान के हालात ऐसे हो चुके हैं कि अपराधी दिनदहाड़े घरों में घुसकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं और कानून का डर पूरी तरह ख़त्म हो गया है।’’ पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें; राजस्थान में बेटे ने पीट-पीट कर पिता को मौत को घाट उतारा

