Rajasthan News: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने राजस्थान पहुंचे। अलवर जिले के पिनान रेस्ट एरिया में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर एक्सप्रेसवे की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
गडकरी ने अधिकारियों से कहा कि एक्सप्रेसवे पर नियमित गश्त बढ़ाई जाए और किसी भी स्थान पर ट्रकों को मनमाने ढंग से खड़ा न होने दिया जाए। उनका कहना था कि हाई-स्पीड कॉरिडोर पर ऐसी लापरवाही दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
दौरे से पहले सड़क की मरम्मत को लेकर उठे सवाल
गडकरी के दौरे से पहले एक्सप्रेसवे पर तैयारियों का काम तेज़ रहा। NHAI के अधिकारी और निर्माण एजेंसी सड़क की मरम्मत और साफ-सफाई में जुटे रहे ताकि निरीक्षण के दौरान कोई कमी दिखाई न दे। स्थानीय स्तर पर यह भी सामने आया कि अधिकारियों का मुख्य ध्यान दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर रहा, क्योंकि केंद्रीय मंत्री का कार्यक्रम उसी दिशा में था। वहीं, कोटा से दिल्ली की दूसरी लेन पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत नहीं होने को लेकर सवाल उठे।
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बूंदी जिले के लबाना इंटरचेंज से कोटा की दरा टनल तक एक्सप्रेसवे का जायजा लिया। कार्यक्रम के अनुसार तीनों नेता शाम को दरा टनल पहुंचे और इसके बाद एक्सप्रेसवे के निकट गोपालपुरा में आयोजित आमसभा को भी संबोधित किया।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
पिनान रेस्ट एरिया में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से दोनों महानगरों के बीच यात्रा का समय कम हुआ है, जिससे व्यापार और पर्यटन को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाएं कम करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। राज्य सरकार ने आपातकालीन सेवाओं को मजबूत किया है, स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की।
बैठक और निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पिनान से दौसा के लिए रवाना हो गए। इस दौरान अधिकारियों को एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें; बाड़मेर में अज्ञात वाहन से टकराई स्विफ्ट कार

