Rajasthan Pond Accident: राजस्थान के डूंगरपुर जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र के बड़ी गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। वात्रक तालाब में नहाने गए छह बच्चे अचानक गहरे पानी में फंस गए। इनमें से तीन सगे भाई-बहनों और उनकी फुफेरी बहन की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।
11 वर्षीय बच्चे को बचाने के प्रयास में चारों डूबे
धम्बोला थाना पुलिस के अनुसार बड़ी गांव निवासी किसान बाबूसिंह डामोर की बड़ी बेटी हिना (24), बेटा प्रतीक (20) और छोटी बेटी इशिता (15) तालाब में नहा रहे थे। उनके साथ गुजरात के पालनपुर निवासी उनकी फुफेरी बहन रौनक (20) भी मौजूद थी, जो चार दिन पहले ही मामा के घर छुट्टियां बिताने आई थी। इसी दौरान 11 वर्षीय जयसिंह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए हिना, प्रतीक, इशिता और रौनक पानी में उतरे, लेकिन एक-दूसरे को संभालने के प्रयास में चारों गहरे पानी में फंस गए और डूब गए।
पिता ने दो बच्चों की बचाई जान
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर जयसिंह के पिता सुरेश सिंह, जो तालाब के पास ही मौजूद थे, तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले अपने बेटे जयसिंह को बाहर निकाला। इसके बाद दोबारा पानी में उतरकर राजवीर को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार सुरेश सिंह तीसरी बार भी बाकी बच्चों को बचाने के लिए तालाब में उतरे, लेकिन तब तक चारों गहरे पानी में समा चुके थे। हादसे में घायल जयसिंह और राजवीर को सीमलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से मातम
हादसे में किसान बाबूसिंह डामोर ने अपने तीनों बच्चों को खो दिया। परिवार में उनकी दो बेटियां और एक बेटा ही थे। इस हादसे के बाद परिवार में अब केवल माता-पिता ही बचे हैं। बड़ी बेटी हिना गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। बेटा प्रतीक ने 12वीं पास करने के बाद प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन किया था, जबकि सबसे छोटी बेटी इशिता 11वीं कक्षा की छात्रा थी।
पालनपुर से छुट्टियां मनाने आई भांजी भी बनी हादसे का शिकार
मृतकों में शामिल रौनक गुजरात के पालनपुर की रहने वाली थी। वह चार दिन पहले ही अपने मामा के घर आई थी और रविवार को भाई-बहनों के साथ तालाब में नहाने गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही उसका परिवार पालनपुर से डूंगरपुर के लिए रवाना हो गया। गांव के लोगों का कहना है कि कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

