Rajound News: नरेश कुमार, राजौंद। दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए राजौंद के बाजारों में खरीदारों की उमड़ रही भारी भीड़ और शहर में पनप रही जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। त्योहार के दौरान आम जनता को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए थाना प्रभारी हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों और मुख्य रास्तों पर विशेष सफाई व अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दुकानों के आगे अवैध रूप से फैलाए गए सामान को हटवाया और सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों को मौके से हटवाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त की।
दुकानों के बाहर फैले सामान से लग रहा था लंबा जाम
दीपावली की खरीदारी के चलते इन दिनों राजौंद के बाजारों में ग्राहकों की खासी चहल-पहल देखी जा रही है। ऐसे में कई दुकानदारों ने अपनी हद से बाहर निकलकर दुकानों का सामान सड़क सीमा तक फैला रखा था। इसके अलावा सड़कों के किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण रोजाना घंटों जाम की स्थिति पैदा हो रही थी और राहगीरों का निकलना दूभर हो गया था। जमीनी हकीकत को देखते हुए थाना प्रभारी हरपाल सिंह दलबल के साथ खुद सड़कों पर उतरे और सड़क सीमा में रखे सामान को पीछे करवाकर रास्ता साफ करवाया।
आमजन को न हो परेशानी, इसलिए सड़कों पर उतरी पुलिस
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए राजौंद थाना प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया कि दीपावली का त्योहार खुशियों और खरीदारी का समय होता है, जिसमें दूर-दराज के गांवों से हजारों लोग बाजार आते हैं। ऐसे में हमारी प्राथमिकता है कि शहर में जाम न लगे और लोग बिना किसी परेशानी के अपनी खरीदारी कर सकें। इसी उद्देश्य से पुलिस ने सड़क को बाधित कर रहे सामान को हटवाया है और ट्रैफिक को सुचारू बनाया है।
दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी सीधी कानूनी कार्रवाई
थाना प्रभारी ने क्षेत्र के सभी दुकानदारों और वाहन चालकों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि त्योहारों की आड़ में किसी को भी कानून और यातायात व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार दोबारा सड़क पर सामान रखता हुआ पाया गया या कोई वाहन चालक अवैध पार्किंग कर रास्ता रोकेगा, तो उसके खिलाफ बिना किसी रियायत के नियमानुसार सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने सभी व्यापारियों व नागरिकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।


