Narnaul News: त्योहारी सीजन और आगामी दिनों में ट्रेनों में बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्रीभार को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने दो जोड़ी प्रमुख रेलसेवाओं में अस्थाई रूप से एक-एक साधारण श्रेणी (जनरल कोच) का डिब्बा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय से हरियाणा के रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नारनौल, गुरुग्राम और राजस्थान के विभिन्न जिलों से सफर करने वाले हजारों दैनिक व लंबी दूरी के यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिल सकेगी।
नवंबर से दिसंबर तक लागू रहेगी व्यवस्था
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह अस्थाई व्यवस्था नवंबर से दिसंबर महीने तक निर्धारित अवधि के लिए प्रभावी रहेगी। रेलवे के इस कदम से यात्रियों को कंफर्म सीट पाने में आसानी होगी और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी।
इन दो जोड़ी ट्रेनों में बढ़ाई गई बोगियां:
-
लालगढ़-दिल्ली सराय-लालगढ़ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22471/22472): इस ट्रेन में लालगढ़ से 10 नवंबर से 30 नवंबर तक और दिल्ली सराय रोहिल्ला से निर्धारित अवधि के दौरान एक अतिरिक्त साधारण श्रेणी का डिब्बा जोड़ा जाएगा।
-
दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20473/20474): इस ट्रेन में दिल्ली सराय से 10 से 30 नवंबर तक तथा उदयपुर सिटी से 11 नवंबर से 1 दिसंबर तक एक अतिरिक्त साधारण श्रेणी का कोच बढ़ाया जाएगा।
त्योहारों के इस सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में रेलवे का यह कदम काफी कारगर साबित होगा।
यह भी देखें – सीआईए टीम ने निजामपुर से 24.63 ग्राम एमडीएमए के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार


