Rise and Fall Season 2 Finale: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के होस्टिंग वाले लोकप्रिय रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में अब मुकाबले आखिरी और सबसे रोमांचक मोड़ पर आ गए हैं। टावर के भीतर रूलर्स और वर्कर्स के बीच लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार पेंटहाउस की राह साफ हो चुकी है। शो के शुरुआती दौर में ही स्वरा भास्कर, गौतम गुलाटी और करण पटेल रूलर्स के तौर पर अपनी जगह पक्की कर चुके थे, जहां शेहजाद पूनावाला पहले से ही फाइनलिस्ट के रूप में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए थे। अब सेमीफाइनल के अंतिम पड़ाव ने बाकी बचे फाइनलिस्ट के नाम पर भी मुहर लगा दी है।
बेसमेंट बंद होने के साथ शुरू हुई आखिरी जंग
शो में बेसमेंट के दरवाजे बंद होने की घोषणा के साथ ही वर्कर्स के सामने वजूद बचाने और आगे बढ़ने की आखिरी चुनौती खड़ी हो गई थी। वर्कशॉप में आयोजित अंतिम ‘राइज चैलेंज’ में निहारिका तिवारी, प्रियंका चाहर चौधरी और सोनम मलिक के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस महत्वपूर्ण टास्क में अभिनेता करण पटेल ने स्कोरकीपर की भूमिका निभाई। तीनों के बीच कांटे की टक्कर रही, लेकिन अंत में निहारिका और प्रियंका ने अपनी सूझबूझ और दमखम दिखाते हुए पेंटहाउस के दोनों खाली बचे स्पॉट्स पर कब्जा जमा लिया। दोनों ने इस जीत के साथ सीधे टॉप-6 में एंट्री मार ली। हालांकि, इस रेस में पिछड़ने के कारण सोनम मलिक का ‘राइज एंड फॉल’ का सफर यहीं थम गया और उन्हें भावुक माहौल में टावर को अलविदा कहना पड़ा।
टास्क के दौरान गौतम गुलाटी और निहारिका में भिड़ंत
टास्क के दौरान टावर का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। जब निहारिका ने यह कहा कि वह फिनाले की रेस में आगे बढ़ने के लिए किसी भी तरह की चीटिंग का सहारा नहीं लेंगी, तो पेंटहाउस की बालकनी से यह सब देख रहे गौतम गुलाटी भड़क उठे और उनके पिछले गेम पर सवाल खड़े कर दिए। इस पर पलटवार करते हुए निहारिका ने दो टूक कहा, “तुम तो बोलो ही मत, तुम सबसे बड़े चीटर हो यहां पे।” जवाब में गौतम ने इस बयान को सिर्फ ‘फेक कंटेंट’ करार दिया। दोनों के बीच हुई इस तीखी बहस ने शो के माहौल को गर्मा दिया।
‘लास्ट दावत’ में भी नहीं थमा तनाव, सीक्रेट वोटिंग का नया ट्विस्ट
टॉप-6 फाइनलिस्ट तय होने के बाद टावर में एक भव्य ‘लास्ट दावत’ का आयोजन किया गया, जिसका मकसद जश्न मनाना था। लेकिन खेल के मैदान की कड़वाहट दावत की पर भी साफ नजर आई। गौतम गुलाटी ने निहारिका और प्रियंका के साथ एक ही टेबल पर बैठने से साफ इनकार कर दिया। स्वरा भास्कर के सामने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए गौतम ने कहा कि वह उन लोगों की शक्ल भी देखना पसंद नहीं करेंगे जिन्होंने उन्हें मानसिक ‘ट्रॉमा’ दिया है। दूसरी तरफ, प्रियंका ने गिले-शिकवे मिटाते हुए शेहजाद के साथ अपनी पुरानी गलतफहमियों को दूर किया।
इस जश्न के बीच मेकर्स ने एक और बड़ा दांव खेलते हुए फॉर्च्यून फ्लोर पर सीक्रेट वोटिंग का ऐलान कर दिया। इसके तहत रूलर्स को किसी एक ऐसे फाइनलिस्ट को नामांकित करना था, जिसे वे इस खिताब के अयोग्य मानते हैं। इस गुप्त मतदान के नतीजे सीधे ग्रैंड फिनाले के दिन सामने आएंगे, जिससे किसी एक मजबूत दावेदार का सपना टूट सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस कांटे की टक्कर के बीच कौन सा कंटेस्टेंट ‘राइज एंड फॉल 2’ की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम करता है।


