Mahendragarh News: महेंद्रगढ़ के राधा कृष्ण मैरिज पैलेस में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं जिला प्रभारी जगदीश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा वोट चोरी के जरिए देश के लोकतंत्र की सरेआम हत्या कर रही है।
उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब इस कथित साजिश का पर्दाफाश करने के लिए गांव-गांव तक जाएंगे और लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के लिए जनता के बीच पहुंचेंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी ‘गांव-गांव चौपाल’ कार्यक्रम की रूपरेखा भी साझा की गई, जिसमें कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर यादव झुकिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र को बचाने की यह ऐतिहासिक लड़ाई अब गांव की चौपालों से लड़ी जाएगी। महेंद्रगढ़ जिले के प्रत्येक गांव में जाकर लोगों को इस कथित वोट चोरी के गंभीर मुद्दे से अवगत कराया जाएगा।
महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष डॉ. राजवती ने कहा कि इस तरह की कथित वोट चोरी से समाज के गरीब वर्ग और महिलाओं को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है, इसलिए महिला कांग्रेस की टीमें घर-घर जाकर महिलाओं को इसके प्रति जागरूक करेंगी।
अनुसूचित जाति (एससी) प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष तोताराम कोहली ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा दलित समाज के वोटों के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसके खिलाफ चौपालों के माध्यम से एससी समाज को उनके मताधिकार के प्रति पूरी तरह से जागरूक किया जाएगा।
वहीं, केकेसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राजन सिंह ने कहा कि असंगठित कामगारों और किसानों के मताधिकार से जुड़े अहम मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा ताकि हर नागरिक अपने वोट की ताकत को समझ सके। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. तरुण यादव, जिला सचिव अनिल डागर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी देखें – हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया ‘हरियाणा एट 60’ हरियाणा दिवस


