Rohtak cyber fraud: साइबर ठगों ने ठगी का एक ऐसा नायाब और खौफनाक तरीका अपनाया है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। (Rohtak news) रोहतक में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले युवक का मोबाइल फोन रिमोटली हैक कर उसके बैंक खाते से हजारों रुपये साफ कर दिए गए।
सूर्या कॉलोनी के रहने वाले पीड़ित मंजीत ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपना स्मार्टफोन सामान्य दिनों की तरह चार्जिंग पर लगाया हुआ था। चार्जिंग के दौरान अचानक उनका फोन अपने आप ऑटो अपडेट होने लगा और उस पर उनका कोई नियंत्रण नहीं बचा। कुछ ही देर में जब फोन सामान्य हुआ, तो बैंक से आए दो मैसेज देखकर उनके होश उड़ गए।
गूगल-पे के जरिए दो बार में निकाले 98 हजार रुपये
मंजीत को जब तक माजरा समझ आता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ठगों ने उनके फोन का एक्सेस हासिल कर गूगल-पे के जरिए दो बड़े झटके दिए। पहली बार में खाते से 50 हजार रुपये और दूसरी बार में 48 हजार 888 रुपये निकाल लिए गए। अचानक हुए इस ऑनलाइन फ्रॉड से पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने बिना एक पल गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही उन्होंने गूगल-पे की ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट और बैंक स्टेटमेंट भी सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दी।
APK फाइल और नए हथकंडों से पढ़े-लिखे लोगों को बना रहे निशाना
इस तरह की घटनाएं इस बात की गवाही दे रही हैं कि साइबर अपराधी कितने हाई-टेक हो चुके हैं। वे अब लोगों को फंसाने के लिए एपीके (APK) फाइलें भेज रहे हैं, जिसमें ट्रैफिक चालान, बिजली बिल या फिर शादी के डिजिटल कार्ड तक शामिल होते हैं। हैरानी की बात यह है कि इन शातिर ठगों के निशाने पर अनपढ़ नहीं बल्कि पढ़े-लिखे लोग ज्यादा आ रहे हैं। हालांकि, पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है, बावजूद इसके ठग नए-नए पैंतरे आजमाने से बाज नहीं आ रहे।
पुलिस बोली- जल्द गिरफ्त में होंगे शातिर ठग
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। (cyber crime thana Rohtak) थाना प्रभारी बाबू राम ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित मंजीत की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। (cyber fraud Haryana) पुलिस टेक्निकल सर्विलांस और बैंक खातों की डिटेल के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह रकम किस खाते में ट्रांसफर हुई है। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि पुलिस जल्द ही इस साइबर फ्रॉड को अंजाम देने वाले शातिरों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेज देगी।

