September 11, 2026

Rohtak News: रोहतक में डेंगू का बड़ा हमला, सितंबर में ही आए 10 नए केस, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

0
Rohtak News: रोहतक में डेंगू का बड़ा हमला, सितंबर में ही आए 10 नए केस, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

रोहतक में डेंगू का बड़ा हमला, सितंबर में ही आए 10 नए केस, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

Rohtak News: मानसून की विदाई के साथ ही रोहतक जिले में मौसमी बीमारियों खासकर डेंगू का खतरा मंडराने लगा है। बीते कुछ दिनों से अचानक डेंगू के मामलों में आई तेजी ने स्थानीय निवासियों के साथ-साथ स्वास्थ्य महकमे की भी चिंता बढ़ा दी है। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी 10 सितंबर की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में अब तक डेंगू के कुल 15 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 10 केस अकेले सितंबर महीने के शुरुआती दिनों में ही सामने आए हैं।

शहरी इलाकों से लेकर गांवों तक फैला संक्रमण

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक मिले 15 मरीजों में से 9 शहरी इलाकों के रहने वाले हैं, जबकि 6 मरीज ग्रामीण अंचल से हैं। लिंग के आधार पर देखें तो संक्रमितों में 9 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं। 10 सितंबर को भी डेंगू का एक नया मरीज सामने आया, जिसके बाद विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।

अगर प्रभावित इलाकों की बात करें तो शहर के उत्तम विहार, सुखपुरा चौक, सेक्टर-3, सेक्टर-14, सैनिक कॉलोनी, कमल कॉलोनी, शीतल नगर, नेहरू कॉलोनी और शोरा कोठी जैसे रिहायशी इलाकों में मरीज पाए गए हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में खेड़ी साध, मकड़ौली कलां, सांगाहेड़ा, सुनारियां कलां और मदीना जिंदरान से डेंगू के केस रिपोर्ट हुए हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष 2025 में रोहतक में डेंगू के कुल 205 मामले दर्ज किए गए थे और लारवा मिलने पर 4,072 लोगों को नोटिस थमाए गए थे।

14 मरीज होम आइसोलेशन में, प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग शुरू

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के अनुसार, डेंगू की रोकथाम के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग और मलेरिया शाखा की टीमें लगातार मैदान में डटी हुई हैं। अब तक कुल 2,718 संदिग्ध लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। राहत की बात यह है कि कुल 15 मरीजों में से केवल एक ही मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ी है, जबकि बाकी 14 मरीजों की हालत स्थिर होने के कारण उनका घर पर ही इलाज चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमों ने सभी पॉजिटिव मरीजों के घर पहुंचकर उनके परिजनों के भी सैंपल लिए हैं ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। इसके अलावा जिन घरों और आसपास की जगहों पर डेंगू के मच्छर का लारवा मिला है, उन्हें सख्त चेतावनी के साथ नोटिस जारी किया गया है। जिन कॉलोनियों और गांवों से केस सामने आए हैं, वहां तत्काल प्रभाव से फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। सीएमओ ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास पानी न जमा होने दें और पूरी बाजू के कपड़े पहनकर मुस्तैद रहें।

यह भी पढ़ें– Panipat News: पानीपत बार एसोसिएशन चुनाव, ईवीएम से मतदान शुरू, शाम 6 बजे तक आएंगे नतीजे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed