September 16, 2026

Rohtak News: रोहतक में सांड का तांडव, बच्चों से भरी स्कूल बस को मारी टक्कर, कार का शीशा तोड़ा, बाइक सवार को गिराया

0
Rohtak News: रोहतक में सांड का तांडव, बच्चों से भरी स्कूल बस को मारी टक्कर, कार का शीशा तोड़ा, बाइक सवार को गिराया

रोहतक में सांड का तांडव, बच्चों से भरी स्कूल बस को मारी टक्कर, कार का शीशा तोड़ा

Rohtak News: रोहतक के व्यस्ततम पुराना बस स्टैंड इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक बेकाबू आवारा सांड ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। सुबह के समय जब इलाके में लोगों और वाहनों की आवाजाही जारी थी, तभी सांड ने सामने से आ रही एक स्कूल बस में जोर से टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि टक्कर के बावजूद बस का संतुलन नहीं बिगड़ा, वरना उसमें सवार दर्जनों स्कूली बच्चों की जान आफत में आ सकती थी। बस से टकराने के बाद सांड खुद सड़क पर गिरा, लेकिन कुछ ही पलों में संभलकर दोबारा हमलावर हो गया।

बाइक सवार को गिराया, कार का शीशा तोड़ा

बस से टकराने के बाद बेकाबू सांड ने वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। गनीमत रही कि युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे वह गंभीर चोट से बच गया और अपनी बाइक वहीं छोड़कर तुरंत सुरक्षित दूरी पर भाग निकला। इसके बाद सांड ने एक स्कूटी सवार के पीछे भी दौड़ लगा दी, जिसने तेजी से एक्सीलेटर बढ़ाकर अपनी जान बचाई। सांड का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ, उसने सड़क किनारे खड़ी एक कार पर हमला बोल दिया। इस हमले में कार का अगला शीशा और बोनट पूरी तरह टूट गया, जबकि सांड का खुद का चेहरा भी खून से लथपथ हो गया।

निगम के दावों की खुली पोल

इस पूरी घटना के दौरान राहगीरों में डर का माहौल बना रहा और कुछ लोग दूर से ही इसका वीडियो बनाते नजर आए। काफी देर तक उत्पात मचाने के बाद सांड शांत हुआ। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों में भारी रोष है। लोगों का स्पष्ट कहना है कि रोहतक नगर निगम द्वारा शहर को आवारा पशुओं से मुक्त (स्ट्रे कैटल फ्री) करने का अभियान महज कागजों तक सीमित रह गया है। सड़कों पर घूमते बेसहारा गौवंश लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं।

प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल

पुराना बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और नगर निगम की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे हिंसक और आवारा पशुओं को तुरंत पकड़कर गौशालाओं में भिजवाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही निगम ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो किसी दिन यह लापरवाही किसी राहगीर के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र में ट्यूशन बंक कर भाखड़ा नहर में नहाने गया 13 साल का छात्र डूबा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed