Sirsa Accident News: सिरसा जिले में ओटू के पास रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। चकराइयां गांव के नजदीक एक तेज रफ्तार थार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 32 वर्षीय हरदीप कुमार का सिर बुरी तरह चोटिल हो गया और उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं।
वहीं, बाइक पर मौजूद जीवन नगर निवासी दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद अनियंत्रित थार बाइक को कई मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे जा उतरी, जिसके बाद चालक गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया।
ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था हरदीप, 10 साल से अस्पताल में था कार्यरत
सिरसा के सदर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक हरदीप कुमार (32) पुत्र सतपाल सिंह गांव बालासर का रहने वाला था। वह पिछले करीब 10 सालों से सिरसा के आरके वर्मा बालाजी अस्पताल में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत था। रोज की तरह रविवार शाम करीब 8 बजे वह अस्पताल से अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक द्वारा गांव बालासर लौट रहा था। जैसे ही वह चकराइयां गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही थार ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हरदीप को मृत घोषित कर दिया।
पीछे छूट गईं 3 मासूम बेटियां, परिवार में पसरा मातम
हरदीप की अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही गांव बालासर पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार सुबह ग्रामीण और रिश्तेदार सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि तीन भाई-बहनों में शामिल हरदीप शादीशुदा था और अपने पीछे तीन मासूम बेटियों को छोड़ गया है। परिवार का पालन-पोषण उसी की नौकरी के भरोसे चल रहा था। इस हादसे ने मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, थार चालक की तलाश तेज
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले के जांच अधिकारी एसआई लेखराज ने बताया कि मृतक के भाई मक्खन सिंह की शिकायत और बयानों के आधार पर फरार थार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी और चश्मदीदों के साक्ष्यों के आधार पर आरोपी थार चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें–Sirsa Roadways Strike: सिरसा में रोडवेज बसों का चक्का जाम, 100 से ज्यादा बसें ठप

