Kaithal Sweets Raid CM Flying: त्योहारी सीजन की आहट के साथ ही कैथल में मिलावटखोरों का गंदा धंधा एक बार फिर बेनकाब हुआ है। सोमवार को जींद रोड स्थित एडिशनल अनाज मंडी के पास खाद्य सुरक्षा विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ‘अंकित कुशवाहा मिष्ठान भंडार’ के गोदाम पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोदाम के भीतर का नजारा देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। वहां बेहद गंदे और बदबूदार माहौल में घटिया सामग्री से मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। जांच में सामने आया कि गोदाम के अंदर रखी मिठाइयों पर फफूंदी जमी हुई थी और उन पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। रसगुल्ले पूरी तरह गल-सड़ चुके थे।
650 किलो जहरीली मिठाई बरामद, शहर और गांवों में होनी थी सप्लाई
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान गोदाम से लगभग 250 किलो मिल्क केक, 250 किलो ब्राउन बर्फी और 150 किलो के करीब सफेद रसगुल्ले की सड़ी-गली खेप बरामद की गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी गोदाम से कैथल शहर समेत आसपास के गांवों की छोटी-छोटी दुकानों पर रोजाना मिठाइयों की सप्लाई की जाती थी।
त्योहारों पर मोटी कमाई के चक्कर में लोगों की सेहत और जिंदगी से सीधे खिलवाड़ किया जा रहा था। अधिकारियों ने स्थिति को देखते हुए मौके पर ही जेसीबी व मजदूरों की मदद से गहरा गड्ढा खुदवाया और पूरी 650 किलो खराब मिठाई को जमीन में दबवाकर नष्ट करवा दिया।
सैंपल सील कर जांच के लिए भेजे लैब, बेकरी लाइसेंस की भी होगी जांच
कार्रवाई की जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि मौके पर अत्यधिक खराब पाई गई तीन मुख्य मिठाइयों के सैंपल विधिवत सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। लैब से रिपोर्ट आने के बाद मिष्ठान भंडार के संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसके साथ ही विभाग की टीम संचालक के लाइसेंस की भी गहनता से जांच कर रही है। अगर लाइसेंस में कोई अनियमितता पाई गई या वह फर्जी निकला, तो दुकान मालिक पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। डॉ. शर्मा ने साफ चेतावनी दी है कि दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर पूरे जिले में मिलावटखोरों और अनहाइजीनिक तरीके से काम करने वाले मिठाई विक्रेताओं पर यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में फर्जी जॉब रैकेट का पर्दाफाश, एक ही बैंक खाते में पहुंच रही थी ठगी की रकम

