Sohna Elevated Road Accident: गुरुग्राम के सोहना एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार सुबह रफ्तार और लापरवाही के कॉकटेल ने एक बड़े हादसे को न्योता दे दिया। एलिवेटेड रोड (Sohna Road accident) के बीचों-बीच चल रही एक बेहद धीमी कार की वजह से पीछे आ रहे वाहन एक के बाद एक आपस में टकराते चले गए। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों के सेफ्टी एयरबैग खुल गए। इस हादसे में एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं व्यस्त एलिवेटेड रोड पर काफी देर के लिए आवाजाही ठप हो गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने इंसानियत दिखाते हुए मोर्चा संभाला। लोगों ने बिना वक्त गंवाए घायल चालक को एक निजी गाड़ी की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को धक्का देकर सड़क किनारे किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
ओवरटेक के फेर में हुआ हादसा, एक के बाद एक टकराईं तीन कारें
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह गुरुग्राम से सोहना की तरफ जा रही एक स्विफ्ट कार एलिवेटेड रोड के बीच में बेहद धीमी गति से चल रही थी। (Sohna elevated highway) उसी दौरान पीछे से आ रही एक कैब ने जब स्विफ्ट को ओवरटेक करने की कोशिश की, तो दोनों गाड़ियों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के एयरबैग तुरंत खुल गए।
हादसे के बाद दोनों चालक अपने क्षतिग्रस्त वाहनों को एलिवेटेड रोड के बीच में ही छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे खड़े हो गए। इसी बीच पीछे से काफी तेज रफ्तार में आ रही एक टाटा नेक्सॉन कार का चालक एक अन्य वाहन को ओवरटेक कर रहा था। बीच रास्ते में पहले से दुर्घटनाग्रस्त खड़ी गाड़ियां उसे नजर नहीं आईं और नेक्सॉन उनसे जा टकराई। इस दूसरी टक्कर में नेक्सॉन के भी एयरबैग खुल गए और स्टीयरिंग व्हील से टकराने के कारण चालक की छाती में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
राहगीरों ने संभाला मोर्चा, अस्पताल में भर्ती घायल चालक के बयान दर्ज करेगी पुलिस
हादसे के चलते एलिवेटेड रोड पर सोहना की तरफ जाने वाली लेन पूरी तरह से जाम हो गई और गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं। मौके पर मौजूद वाहन चालकों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद घायलों की मदद में जुट गए। (Haryana road accident) राहगीरों ने फुर्ती दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त कारों को धक्का मारकर लेन से हटाया, तब जाकर जाम खुला।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और तीनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में भर्ती घायल चालक की हालत स्थिर होने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। बयानों और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: छात्रा के घर लटका मिला 10वीं के छात्र का शव, परिजनों का हंगामा, पुलिस पर पथराव

