August 25, 2026

महिलाओं को दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति किया जागरूक

0
Nnl 3

Narnaul Police News:

सिविल अस्पताल नारनौल में महिलाओं की समस्याओं को सुनने एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं की विभिन्न समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा उनके समाधान के संबंध में आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

महिला थाना प्रभारी निरीक्षक मंजूषा व उनकी टीम ने कार्यक्रम में महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए उनके कानूनी अधिकारों के बारे में बताया गया। महिलाओं को घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों में सहायता एवं संरक्षण प्राप्त करने के लिए संरक्षण अधिकारी से संपर्क करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर नशामुक्ति के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि यदि उनके परिवार या आसपास कोई व्यक्ति शराब अथवा अन्य किसी प्रकार के नशे का सेवन करता है, तो वे इसकी सूचना गोपनीय रूप से अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में दे सकती हैं। आवश्यकता अनुसार संबंधित व्यक्ति के उपचार के लिए अस्पताल के माध्यम से उचित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी महिलाओं को आपातकालीन सेवा डायल 112 के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा किसी भी आपात स्थिति में बिना किसी देरी के इस सेवा का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें कानूनी एवं सामाजिक सहायता के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी देना तथा एक सुरक्षित, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *