Yamunanagar Chain Snatching: यमुनानगर शहर की पॉश वीर नगर कॉलोनी में बुधवार शाम बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। शाम के वक्त अपनी पड़ोसन के साथ घर के पास स्थित मंदिर में दर्शन के लिए निकली एक महिला को मास्क पहने स्नैचर ने अपना शिकार बना लिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आरोपी सोने की भारी-भरकम चेन झपटकर रफूचक्कर हो चुका था। वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज कर इलाके में नाकाबंदी कराई।
‘आंटी’ कहकर बुलाया, जैसे ही मुड़ी तो झपट ली ढाई तोले की चेन
पीड़िता नीलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गृहिणी हैं। बुधवार शाम करीब 5 बजे वह अपनी पड़ोसन शिवानी शर्मा के साथ गली से होकर पास के ही शिव मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक पैदल युवक ने ‘आंटी’ कहकर आवाज लगाई। नीलम ने जैसे ही स्वाभाविक रूप से पीछे मुड़कर देखा, युवक ने उनके गले पर जोरदार झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़ ली।
नीलम के मुताबिक छीनी गई चेन का वजन करीब 2 से 2.5 तोले था। अचानक हुए इस हमले से एक पल के लिए वे सहम गईं, लेकिन तुरंत ही खुद को संभालते हुए उन्होंने बदमाश का मुकाबला किया।
महिला ने दिखाया साहस, खींच लिया बदमाश का मास्क
चोरी की वारदात के दौरान पीड़ित महिला ने जबरदस्त हिम्मत और समझदारी का परिचय दिया। जैसे ही बदमाश चेन छीनकर भागने लगा, नीलम ने झपटकर उसका मास्क खींच लिया। मास्क हटते ही आरोपी का चेहरा पूरी तरह सामने आ गया। महिला का कहना है कि उन्होंने आरोपी का चेहरा अच्छी तरह देख लिया है और सामने आने पर वे उसे तुरंत पहचान लेंगी।
हालांकि, चेहरा बेनकाब होते ही आरोपी तेजी से भागकर मुख्य सड़क पर पहुंचा, जहां उसका एक अन्य साथी पहले से ही बाइक स्टार्ट कर तैयार खड़ा था। दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
सेक्टर-17 थाना पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जा रहे CCTV
घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत शोर मचाया, जिससे आसपास के पड़ोसी एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सेक्टर-17 थाना प्रभारी राजिंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर भेजा गया था। पीड़िता नीलम की शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाशों का सुराग लगाने के लिए कॉलोनी के प्रवेश और निकास द्वारों समेत आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि महिला द्वारा बताए गए हुलिए और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर लौटी भीषण गर्मी, हिसार 38.5°C के साथ सबसे गर्म, जानें कब होगी झमाझम बारिश

