Yamunanagar News: यमुनानगर में डेढ़ साल से हो रहे सीवरेज लीकेज ने गिराई आंगनबाड़ी की दीवार, देर रात गांव बाढ़ी माजरा में हड़कंप

यमुनानगर में डेढ़ साल से हो रहे सीवरेज लीकेज ने गिराई आंगनबाड़ी की दीवार
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के बाढ़ी माजरा गांव में देर रात एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। गांव के आंगनबाड़ी केंद्र की दो दीवारें अचानक भरभराकर गिर गईं। राहत की बात यह रही कि यह वाकया रात करीब 10 बजे के आसपास हुआ, जब केंद्र में सन्नाटा था। अगर यह घटना दिन के वक्त बच्चों की मौजूदगी के दौरान होती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इस केंद्र में रोजाना करीब 30 छोटे बच्चे आते हैं।
सीवरेज लीकेज से खोखली हुई नींव, नीचे बैठी सड़क
घटना के पीछे लंबे समय से बना जलभराव का संकट मुख्य वजह बनकर उभरा है। स्थानीय निवासी गोल्डी और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र के पास पिछले करीब डेढ़ साल से सीवरेज का गंदा पानी लगातार लीक हो रहा है। नीव में लगातार पानी रिसने के कारण दीवारें कमजोर होती चली गईं और आखिरकार ढह गईं। गंदे पानी के ठहराव से आसपास की सड़क भी काफी नीचे धंस चुकी है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोश
गांव वालों का आरोप है कि उन्होंने जलभराव और सीवरेज लीकेज की समस्या को लेकर संबंधित विभाग से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक कई बार गुहार लगाई। जब प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो ग्रामीणों ने खुद अपने स्तर पर मिट्टी डालकर सड़क की मरम्मत की कोशिश की, लेकिन लगातार लीक हो रहे पानी ने उस मिट्टी को भी बहा दिया।
सुरक्षा जांच और तुरंत कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद से गांव में रोष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों के सुरक्षा स्थलों के आसपास इस तरह की लापरवाही गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आंगनबाड़ी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था की तुरंत जांच की जाए, सीवरेज लीकेज को हमेशा के लिए ठीक किया जाए और ध्वस्त दीवारों का नए सिरे से निर्माण कराया जाए।
यह भी पढ़ें– फरीदाबाद में बड़खल फ्लाईओवर के पास चलती i10 कार बनी आग का गोला, जलकर हुई खाक
