Yamunanagar News: हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन के आह्वान पर बुधवार को यमुनानगर की सड़कें सियासी अखाड़ा बन गईं। भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के खिलाफ बीजेपी जिला कार्यालय का घेराव करने निकले अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी (मुलाना) और उनके सैकड़ों समर्थकों को पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और जोरदार धक्का-मुक्की देखने को मिली।
यमुनानगर में स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब सांसद वरुण चौधरी के नेतृत्व में निकले कांग्रेसियों के काफिले को पुलिस ने बीजेपी दफ्तर से काफी पहले बैरिकेड्स लगाकर रोकने की कोशिश की।
बैरिकेड्स फांदकर दफ्तर के गेट तक पहुंचे कार्यकर्ता
पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेसी कार्यकर्ता उग्र हो गए और बैरिकेड्स पर ही पुलिसकर्मियों के साथ आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। भारी धक्का-मुक्की के बीच कार्यकर्ता जैसे-तैसे बैरिकेड्स को लांघकर आगे बढ़ गए। पुलिस बल उन्हें पीछे धकेलने में जुटा रहा, लेकिन दर्जनों प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए सीधे बीजेपी कार्यालय के मुख्य द्वार तक जा पहुंचे।
हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बीजेपी दफ्तर का मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया। इस पर सांसद वरुण चौधरी अपने समर्थकों के साथ गेट के बाहर ही जमीन पर धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
सांसद को बस में चढ़ाते ही भड़के युवा कांग्रेसी
जब पुलिस ने धरने पर बैठे सांसद और वरिष्ठ नेताओं को वहां से हटाने का प्रयास किया, तो एक बार फिर पुलिस और कार्यकर्ताओं में तीखी बहस और हाथापाई जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सांसद वरुण चौधरी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
जैसे ही पुलिस सांसद को पकड़कर बस में चढ़ाने लगी, युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता और भड़क उठे। वे बस के आगे अड़ गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। माहौल बिगड़ता देख पुलिस को कड़ा रुख अपनाना पड़ा। जवानों ने हंगामा कर रहे कई युवा कार्यकर्ताओं को घसीटकर बसों में डाला।
‘पुलिस बनी हुई है सरकार की कठपुतली’— सांसद वरुण चौधरी
पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद बस की खिड़की से मीडिया से बात करते हुए सांसद वरुण चौधरी ने प्रदेश सरकार पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार आम जनता की आवाज दबाने का काम कर रही है।
सांसद ने कहा, “हम जनता से जुड़े मुद्दों और बीजेपी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस पूरी तरह से सरकार की कठपुतली बनकर काम कर रही है। एक चुने हुए प्रतिनिधि के साथ जिस तरह का रवैया अपनाया गया है, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर धब्बा है। पुलिसिया कार्रवाई से कांग्रेस का प्रदर्शन रुकने वाला नहीं है।”
यह भी पढ़ें– 24 घंटे की हड़ताल से हड़कंप, 16 सितंबर से निजी अस्पताल पूरी तरह बंद करने की चेतावनी

