August 7, 2026

Narnaul News: नारनौल में 9 अगस्त को उमड़ेगा जनसैलाब, सीएम नायब सैनी करेंगे राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का शुभारंभ

0
Narnaul News: नारनौल में 9 अगस्त को उमड़ेगा जनसैलाब, सीएम नायब सैनी करेंगे राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का शुभारंभ

नारनौल में 9 अगस्त को उमड़ेगा जनसैलाब, सीएम नायब सैनी करेंगे राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का शुभारंभ

Narnaul News: सोनल यादव, नारनौल। पूर्व मंत्री एवं नारनौल से भाजपा विधायक ओम प्रकाश यादव ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के मीडिया सेंटर में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को सही दिशा देने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में आगामी 9 अगस्त को नारनौल में एक विशाल राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है, जिसे मुख्यमंत्री स्वयं हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

नशा मुक्ति का संदेश और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मिलेगी नई रफ्तार

विधायक ओम प्रकाश यादव ने बताया कि इस हाफ मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना और खेलों की ओर आकर्षित करना है। इसी मंच से युवाओं के भीतर राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करने के लिए राज्य स्तरीय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने इस आयोजन को किसी एक पार्टी या सरकार का न बताकर ‘जन-भागीदारी का उत्सव’ करार दिया और आम जनता से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की।

योग्य युवाओं को मिल रहा हक, खेल नीति से दुनिया में चमक रहे हरियाणा के लाल

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद से युवाओं का सरकारी तंत्र पर भरोसा मजबूत हुआ है। ‘बिना खर्ची और बिना पर्ची’ की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के चलते आज गरीब और साधारण परिवारों के मेधावी बच्चों को योग्यता के दम पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने सरकार की खेल नीति की तारीफ करते हुए कहा कि आज हरियाणा के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का परचम लहरा रहे हैं, जो हमारी नीतियों की सफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन पर बोले: प्रधानमंत्री ने दिखाए बड़े दिल के दर्शन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए युवाओं के प्रदर्शन से जुड़े एक सवाल पर ओम प्रकाश यादव ने कहा कि जो युवा विपक्ष के बहकावे और भ्रम में आकर गलत राह पर चले गए थे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़े दिल का परिचय देते हुए उन्हें माफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं का मार्गदर्शन करना है, उन्हें दंडित करना नहीं। इस पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव और पूर्व चेयरमैन जेपी सैनी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें– 52 साल का इंतजार खत्म! कनीना में 6.75 करोड़ से बनेगा आधुनिक बस स्टैंड, टेंडर जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed