Narnaul News: ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करें अपनी सेल्फी, नारनौल में तैयारियों को लेकर वीसी के बाद DC अनुपमा अंजली के कड़े निर्देश
'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर अपलोड करें अपनी सेल्फी, नारनौल में तैयारियों को लेकर वीसी के बाद DC अनुपमा अंजली के कड़े निर्देश
Narnaul News: धर्मनारायण शर्मा, नारनौल। आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा हरियाणा एक बार फिर राष्ट्रभक्ति के अनूठे रंग में रंगने जा रहा है। 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक पूरे प्रदेश में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान का भव्य शुभारंभ इस बार ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी नारनौल की धरा से होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 9 अगस्त को नारनौल में आयोजित भव्य राज्यस्तरीय समारोह से इस प्रदेशव्यापी महाअभियान का विधिवत शंखनाद करेंगे।
इस विशाल आयोजन को सुचारू और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। वीसी समाप्त होते ही नारनौल की उपायुक्त अनुपमा अंजली ने जिला अधिकारियों की आपात बैठक ली और मुख्यमंत्री के आगमन व कार्यक्रम की सफलता को लेकर जिम्मेदारियां तय कीं।
बाइक रैलियां, रोशनी से जगमगाते भवन और ‘वंदे मातरम्’ की रंगोली से सजेगा शहर
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि इस महाअभियान का मूल उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के दिल में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपार सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करना है। अभियान के तहत जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर तक बाइक, साइकिल और ई-बाइक रैलियों की धूम रहेगी। इन रैलियों में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस वालंटियर्स, खेल विभाग, आरडब्ल्यूए और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
इसके अलावा, जिले के सभी प्रमुख प्रशासनिक भवनों, ऐतिहासिक धरोहरों, मुख्य चौराहों और पार्कों को तिरंगे की आकर्षक लाइटों से रोशन किया जाएगा। शहर के सार्वजनिक स्थलों पर ‘वंदे मातरम्’ थीम पर आधारित भव्य और आकर्षक रंगोलियां बनाई जाएंगी।
सेल्फी पॉइंट से पोर्टल पर अपलोड होगी तिरंगे के साथ तस्वीर, सफेद टी-शर्ट में दिखेंगे नागरिक
जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन शहर के प्रमुख स्थलों पर विशेष सेल्फी पॉइंट्स भी स्थापित कर रहा है। यहां नागरिक तिरंगे के साथ अपनी फोटो खींचकर आधिकारिक ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। उपायुक्त ने आम जनता से विशेष अपील करते हुए कहा कि समारोह में आने वाले नागरिक यदि सफेद रंग की टी-शर्ट पहनकर आएं, तो कार्यक्रम में एकरूपता और भव्यता का सुंदर दृश्य दिखाई देगा।
सुरक्षा व्यवस्था चुस्त, फ्लैग कोड के पालन का सख्त निर्देश
आयोजन के दौरान यातायात सुचारू रखने, चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध करने के लिए सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को सख्त हिदायत दी गई है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी आयोजनों और रैलियों के दौरान राष्ट्रीय ध्वज संहिता (भारतीय झंडा संहिता) का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि तिरंगे की गरिमा सदैव सर्वोच्च बनी रहे।
यह भी पढ़ें– नारनौल में दौड़ लगाने के बाद नहर में उतरे थे 2 मासूम, दो मासूम दोस्तों की डूबने से मौत
