Ravi Kishan Weight Loss: 57 की उम्र में 18 किलो वजन घटाकर छाए रवि किशन, जानिए सांसद अभिनेता का ‘प्योर वेज’ डाइट प्लान
57 की उम्र में 18 किलो वजन घटाकर छाए रवि किशन, जानिए सांसद अभिनेता का 'प्योर वेज' डाइट प्लान
Ravi Kishan Weight Loss: अपनी दमदार अदाकारी और एनर्जी के लिए जाने जाने वाले गोरखपुर से सांसद व अभिनेता रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड कर रहे हैं। फनी मीम्स से इतर 57 साल की उम्र में उनका नया बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन लोगों का ध्यान खींच रहा है। रवि किशन ने हाल ही में 18 किलो वजन कम किया है, जिसके बाद वह पहले से कहीं ज्यादा फिट और एक्टिव नजर आ रहे हैं। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने अपनी इस फिटनेस जर्नी, स्पेशल डाइट प्लान और डेली रूटीन के बारे में खुलकर बातें साझा की हैं।
प्योर वेजिटेरियन डाइट और प्रोटीन के वेज सोर्स
‘रेड इंक’ को दिए इंटरव्यू में रवि किशन ने स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह शाकाहारी हैं और अपनी डाइट में अंडा या नॉनवेज बिल्कुल शामिल नहीं करते। उनका मानना है कि शरीर में प्रोटीन की पूर्ति के लिए मांसाहार जरूरी नहीं है। शाकाहारी भोजन में ही प्रोटीन के अनगिनत बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं। वह अपनी दैनिक खुराक में दालें, बीन्स, चना, राजमा, पनीर और सोया प्रोडक्ट्स को प्रमुखता से शामिल करते हैं, जिससे शरीर को भरपूर पोषण और ऊर्जा मिलती है।
नॉर्मल दूध बंद, डाइट में शामिल किया कोकोनट मिल्क
अपनी नई जीवनशैली के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अब सामान्य डेयरी दूध पीना छोड़ दिया है और उसकी जगह नारियल के दूध (Coconut Milk) का इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा वह अपनी थाली में कच्ची सब्जियों और सलाद को फाइबर के मुख्य स्रोत के रूप में शामिल करते हैं। कच्ची और हल्की पकी सब्जियां शरीर को जरूरी विटामिन्स और मिनरल्स देने के साथ-साथ पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखती हैं।
एक्सरसाइज और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का कमाल
रवि किशन का कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर वजन घटाना और मांसपेशियों की मजबूती बनाए रखना बिना वर्कआउट के मुमकिन नहीं है। दैनिक एक्सरसाइज और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा है। 50 के बाद शरीर के मेटाबॉलिज्म को एक्टिव रखने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि बेहद जरूरी है। यही वजह है कि 57 साल की उम्र में भी उनका एनर्जी लेवल युवाओं को मात देता नजर आता है।
यह भी पढ़ें– 97 साल की दादी का उड़ते प्लेन पर हैरतअंगेज स्टंट, स्ट्रोक को मात देकर तोड़ा अपना ही गिनीज रिकॉर्ड
