August 8, 2026

Jalandhar Bolero Accident: जालंधर में ब्रेक फेल होने से बोलेरो बेकाबू, 2 कारों और एक्टिवा को मारी टक्कर, मौके पर हंगामा

0
Jalandhar Bolero Accident: जालंधर में ब्रेक फेल होने से बोलेरो बेकाबू, 2 कारों और एक्टिवा को मारी टक्कर, मौके पर हंगामा

जालंधर में ब्रेक फेल होने से बोलेरो बेकाबू

Jalandhar Bolero Accident: जालंधर में आज ब्रेक फेल होने के कारण बोलेरो ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बोलेरो गलत दिशा में जाकर दो कारों और एक एक्टिवा से टकरा गई। हादसे में सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर काफी हंगामा हुआ। हालांकि, हादसे में किसी को चोट नहीं आई। ड्राइवर दिलीप कुमार निवासी आबादपुरा ने बताया कि अचानक ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। सही दिशा में गाड़ी नहीं रुकने पर बड़ी दुर्घटना की आशंका थी। ऐसे में अन्य वाहनों को बचाने के लिए उन्होंने बोलेरो को गलत दिशा में मोड़कर रोकने का प्रयास किया। हालांकि इसी दौरान वह दो कारों और एक एक्टिवा से टकरा गई।

हादसे का शिकार हुए कार ड्राइवर अकरम ने बताया कि वह कपूरथला से आ रहे थे। उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान गलत दिशा से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें मामूली झटका लगा। वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

ब्रेक फेल होने की बात महज बहाना

वहीं, मॉडल टाउन से जूते खरीदकर लौट रहे एक्टिवा सवार तरुण सोंधी भी हादसे की चपेट में आ गए। दुर्घटना में उनकी नई एक्टिवा क्षतिग्रस्त हो गई। तरुण ने आरोप लगाया कि ब्रेक फेल होने की बात महज बहाना है। हादसा ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ। हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

घटनास्थल पर काफी देर तक बहस और हंगामे के बाद बोलेरो ड्राइवर दिलीप कुमार ने हादसे की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि वह किसी को नुकसान पहुंचाकर मौके से फरार नहीं हुए हैं, बल्कि सभी क्षतिग्रस्त वाहनों के नुकसान की भरपाई के लिए घटनास्थल पर ही मौजूद हैं।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों और हादसे में प्रभावित लोगों को शांत कराया तथा यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed