Haryana Roadways: सावधान! सोनीपत से बड़ौत और हरिद्वार जाना हुआ मुश्किल, जानिए किन रूटों पर बंद हुईं बसें

कांवड़ यात्रा का असर: सोनीपत-हरिद्वार रूट पर बस सेवा ठप, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
Haryana Roadways: सावन के अंतिम चरण में कांवड़ियों के बढ़ते जनसैलाब और यूपी-उत्तराखंड में लागू रूट डायवर्जन ने आम यात्रियों का सफर दुभर कर दिया है। सोनीपत से हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं और नियमित यात्रियों को अब सीधा साधन नहीं मिल पा रहा है। हरियाणा रोडवेज ने सुरक्षा और भारी जाम की आशंका को देखते हुए सोनीपत-हरिद्वार रूट पर बस सेवा को अगले आदेश तक के लिए रोक दिया है। अधिकारियों के अनुसार, सावन शिवरात्रि के दिन जलाभिषेक संपन्न होने के बाद ही इस मार्ग पर बसों की आवाजाही दोबारा सुचारू हो सकेगी।
बॉर्डर तक ही चलेंगी बसें, बड़ौत रूट पर भी लटकी पाबंदी की तलवार
हरिद्वार और आसपास के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बड़े वाहनों का प्रवेश बंद होने से सोनीपत डिपो से चलने वाली तीनों नियमित हरिद्वार बसें रद्द करनी पड़ी हैं। इसके अलावा बृजघाट जाने वाली बस को पहले ही बंद किया जा चुका है। रोडवेज प्रबंधन अब उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाली अन्य बसों को केवल सोनीपत-यूपी बॉर्डर पर स्थित गौरीपुर मोड़ तक ही सीमित करने की तैयारी में है। रविवार को बड़ौत रूट पर गाड़ियां चलाई गई थीं, लेकिन सोमवार को सड़कों पर शिवभक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस रूट को भी बंद किया जा सकता है।
लोकल रूटों पर बढ़ा दबाव, दिल्ली के लिए चलाई जा रही हैं अतिरिक्त ई-बसें
एक तरफ जहां लंबे रूट की बसें ठप पड़ी हैं, वहीं दूसरी तरफ तीज और सावन के त्योहारों के चलते लोकल रूटों पर सवारियों का भारी हुजूम उमड़ रहा है। सोनीपत से गोहाना, खानपुर, फरमाणा और गन्नौर जाने वाली बसों में तिल रखने की जगह नहीं मिल रही है। स्थिति को संभालते हुए डिपो प्रबंधन ने लोकल रूटों पर फेरे बढ़ा दिए हैं। वहीं, दिल्ली रूट पर यात्रियों की सहूलियत के लिए सामान्य बसों के साथ-साथ अतिरिक्त ई-बसों को भी सड़कों पर उतारा गया है ताकि त्योहारी सीजन में आम जनता को असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें– Nuh News: फिरोजपुर झिरका में शोले स्टाइल ड्रामा, नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की मांग पर टावर पर चढ़ा कैफ
