Farmers Protest Hansi: हांसी में किसानों का ‘जेल भरो आंदोलन’ अमेरिकी ट्रेड डील के खिलाफ सैकड़ों किसानों ने दी गिरफ्तारी

हांसी में किसानों का 'जेल भरो आंदोलन' अमेरिकी ट्रेड डील के खिलाफ सैकड़ों किसानों ने दी गिरफ्तारी
Farmers Protest Hansi: हरियाणा के हांसी में सोमवार को किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। अमेरिका के साथ केंद्र सरकार की प्रस्तावित ट्रेड डील और बिजली निगमों के निजीकरण की तैयारियों के खिलाफ किसान संगठनों ने हुंकार भरी। भारतीय किसान मोर्चा के आह्वान पर एकजुट हुए सैकड़ों किसानों ने जिला सचिवालय पहुंचकर ‘जेल भरो आंदोलन’ की शुरुआत की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सामूहिक गिरफ्तारियां दीं।
‘भारतीय कृषि को तबाह कर देगी अमेरिकी ट्रेड डील’: किसान नेता
धर्मपाल वडाला के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में किसान नेताओं ने सरकार पर सीधा हमला बोला। किसान नेताओं का कहना है कि अमेरिका के साथ होने जा रही इस ट्रेड डील में कृषि उत्पादों से जुड़ी शर्तें सीधे तौर पर भारतीय किसानों के ताबूत में आखिरी कील साबित होंगी। इसके अलावा, बिजली निगमों के निजीकरण का फैसला न सिर्फ किसानों बल्कि देश के आम मजदूरों की जेब पर डाका डालने जैसा है।
सचिवालय पर सरकार विरोधी नारेबाजी, बसों में भरकर पुलिस लाइन ले जाए गए किसान
प्रदर्शन के दौरान किसानों का रुख काफी आक्रामक नजर आया। राज्य सरकार और केंद्र सरकार को खुली चुनौती देते हुए किसान नेताओं ने साफ कहा कि दमनकारी नीतियों के खिलाफ अब वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। जिला सचिवालय पर जबर्दस्त नारेबाजी के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तारियां शुरू कीं। दर्जनों किसानों को बसों में भरकर हांसी पुलिस लाइन पहुंचाया गया।
आंदोलन में कई प्रमुख किसान चेहरे रहे मौजूद
इस व्यापक विरोध प्रदर्शन और गिरफ्तारी अभियान में किसान राजनीति के कई प्रमुख चेहरे शामिल रहे। मौके पर संदीप चहल, कृष्ण मलिक, प्रदीप बामल, वीरेंद्र दलाल, कुलदीप मलिक, गुलाब सिंह, उमेद सिंह और अमरचंद सहित भारी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसान नेताओं ने साफ किया कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में और उग्र रूप लेगा।
यह भी पढ़ें– Nuh News: फिरोजपुर झिरका में शोले स्टाइल ड्रामा, नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की मांग पर टावर पर चढ़ा कैफ
