August 10, 2026

पुलिस पुस्तकालय नारनौल बन रहा लक्ष्य की ओर बढ़ते युवाओं के कदम में सहयोगी

0
nnl 10 3

धर्म नारायण शर्मा।
जगमार्ग न्यूज। नारनौल
जेन जी की तरफ इस समय सब की निगाहें हैं। दिल्ली जंतर मंतर में हुए प्रदर्शन के बाद जहां सरकार युवाओं को आकर्षित करने के लिए अनेक घोषणा कर रही हैं, वहीं नारनौल की पुलिस पहले से ही युवाओं को उनके लक्ष्य को पाने के लिए पुस्तकालय चला रही है। पुलिस लाइन नारनौल में स्थित पुलिस पुस्तकालय उन युवाओं के लिए बेहतरीन मंच बन चुका है, जो अपने उज्ज्वल भविष्य की तैयारी में पूरी लगन के साथ जुटे हैं। जिस उच्च उद्देश्य के साथ इस पुस्तकालय की स्थापना की गई थी, आज यहां अध्ययनरत विद्यार्थी अपनी शानदार सफलताओं से उस मकसद को पूरी तरह सार्थक कर रहे हैं।
जिला पुलिस की यह पहल युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध करा रही है।

इस पुस्तकालय में लगभग 1150 पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिनमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ विभिन्न विषयों की ज्ञानवर्धक, साहित्यिक एवं ऐतिहासिक पुस्तकें शामिल हैं। विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यहां अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ शांत, अनुशासित एवं बेहतर अध्ययन का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, डिजिटल युग की आवश्यकताओं को समझते हुए कंप्यूटर के माध्यम से उच्च स्तरीय ऑनलाइन अध्ययन सामग्री की सुविधा भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई गई है।

इस पुस्तकालय में दर्ज हो रही उल्लेखनीय उपलब्धियों के पीछे हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की प्रेरणा एवं कुशल मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देशन की प्रमुख भूमिका है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संचार कौशल (कम्युनिकेशन स्किल) को निखारने के लिए साहित्यिक एवं ऐतिहासिक संदर्भों की किताबें भी यहां उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed