Panchkula News: पंचकूला में बड़ा साइबर अटैक, ZIP फाइल डाउनलोड करते ही कंस्ट्रक्शन कंपनी के खातों से 3.16 करोड़ साफ

पंचकूला में बड़ा साइबर अटैक, ZIP फाइल डाउनलोड करते ही कंस्ट्रक्शन कंपनी के खातों से 3.16 करोड़ साफ
Panchkula News: साइबर अपराधियों के बदलते पैंतरे अब बड़ी-बड़ी कंपनियों के सुरक्षा तंत्र को भी धता बता रहे हैं। पंचकूला में एक ऐसा ही हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहां शातिर साइबर ठगों ने रेलवे ब्रिज निर्माण का काम करने वाली एक जानी-मानी कंस्ट्रक्शन कंपनी के खातों से चपत लगाते हुए 3.16 करोड़ रुपये की चपत लगा दी। जालसाजों ने बड़ी ही चालाकी से कंपनी के शीर्ष अधिकारी का व्हाट्सएप क्लोन किया और अकाउंटेंट को चकमा देकर करोड़ों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
एक क्लिक और हैक हो गया लैपटॉप
ठगी का शिकार बनी आरएस (RS) कंस्ट्रक्शन कंपनी का शाखा कार्यालय एमडीसी सेक्टर-5 के स्वास्तिक विहार में स्थित है। कंपनी की शिकायतकर्ता दिशा अरोड़ा ने सेक्टर-20 स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को दी शिकायत में बताया कि पूरी साजिश 6 अगस्त को शुरू हुई। कंपनी की अकाउंटेंट एकता के लैपटॉप पर चल रहे व्हाट्सएप पर ‘श्री श्यामजी स्टील’ के नाम से एक फाइल (ZIP File) प्राप्त हुई। अकाउंटेंट ने इसे रुटीन का आधिकारिक दस्तावेज़ समझकर जैसे ही डाउनलोड किया, शातिर ठगों ने लैपटॉप का एक्सेस हासिल कर लिया।
व्हाट्सएप पर दिया फर्जी निर्देश, चार बार में उड़ाए 3.16 करोड़
फाइल डाउनलोड होने के अगले ही दिन कंपनी के उच्च अधिकारी विजय चिलानी के नाम से एक दूसरे नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। जालसाज ने असली अधिकारी बनकर पहले तो कंपनी के बैंक खातों में मौजूद बैलेंस की जानकारी मांगी और फिर आपातकालीन भुगतान का हवाला देते हुए तुरंत पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। जालसाज के झांसे में आकर अकाउंटेंट ने अलग-अलग खातों में पहले 80 लाख, फिर 30 लाख, इसके बाद 1 करोड़ और अंत में 1.06 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
असली अधिकारी के फोन से खुला राज, पुलिस जांच में जुटी
करोड़ों रुपये का लेनदेन होने के बाद जब कंपनी के वास्तविक अधिकारी विजय चिलानी ने अपने असली मोबाइल नंबर से फोन किया और किसी भी तरह के पेमेंट निर्देश देने से साफ इनकार किया, तो कार्यालय में हड़कंप मच गया। तब जाकर प्रबंधन को समझ आया कि वे एक सोची-समझी साइबर साजिश का शिकार हो चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचकूला साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन बैंक खातों की लोकेशन और लेन-देन के ट्रेल को खंगाल रही है, जिनमें यह भारी-भरकम राशि ट्रांसफर की गई थी।
यह भी पढ़ें– Nuh News: फिरोजपुर झिरका में शोले स्टाइल ड्रामा, नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की मांग पर टावर पर चढ़ा कैफ
