August 11, 2026

Faridabad News: फरीदाबाद में आवारा गाय से टकराकर 15 फीट दूर गिरे स्कूटी सवार कारोबारी, मौत

0
Faridabad News: फरीदाबाद में आवारा गाय से टकराकर 15 फीट दूर गिरे स्कूटी सवार कारोबारी, मौत

फरीदाबाद में आवारा गाय से टकराकर 15 फीट दूर गिरे स्कूटी सवार कारोबारी, मौत

Faridabad News: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में आवारा पशुओं का आतंक एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां निगल गया। एनआईटी-5 निवासी 36 वर्षीय आशु खत्री मंगलवार तड़के करीब 4 बजे अपने दोस्त के घर से वापस लौट रहे थे। आशु पिछले आठ वर्षों से पुरानी बाइक और स्कूटी की खरीद-बिक्री का कारोबार करते थे। महज एक साल पहले ही उनके सिर पर सेहरा सजा था, लेकिन किसे पता था कि एनआईटी-3 रोड पर मौत उनका इंतजार कर रही है। अंधेरे के बीच जैसे ही उनकी स्कूटी मुख्य मार्ग पर पहुंची, सड़क के बीचों-बीच बैठी एक गाय से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

21 सेकेंड का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज आया सामने

हादसे का एक 21 सेकेंड का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सड़क किनारे और बीच में गायें बैठी हुई थीं और वहां काफी अंधेरा था। स्कूटी की लाइट में अचानक सामने आई गाय को देखकर आशु ने जोर से ब्रेक भी लगाए, लेकिन रफ्तार के कारण स्कूटी सीधे गाय से जा टकराई। टक्कर इतनी प्रचंड थी कि आशु स्कूटी समेत हवा में उछलते हुए करीब 15 फीट दूर जा गिरे। वहीं गाय भी घिसटती हुई दूर जा गिरी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल आशु करीब एक घंटे तक सड़क पर बेसुध पड़े तड़पते रहे।

एक घंटे बाद पहुंचा अस्पताल, रास्ते में ही थम गईं सांसें

दिन निकलने पर जब आसपास के लोगों और राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े बेसुध आशु पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बीके अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; बीके अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही आशु की सांसें उखड़ गईं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही आशु के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

निगम की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल, हड़ताल का दिया हवाला

मृतक के चचेरे भाई राजन खत्री और परिजनों ने इस दर्दनाक हादसे के लिए सीधे तौर पर फरीदाबाद नगर निगम के अधिकारियों को कठघरे में खड़ा किया है। परिजनों का साफ कहना है कि अगर निगम प्रशासन समय रहते सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने की सुध लेता, तो आज आशु जिंदा होते। उधर, मामले में सफाई देते हुए नगर निगम के म्यूनिसिपल हेल्थ ऑफिसर (MOH) नितेश परमार ने बताया कि कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके कारण आवारा पशुओं को पकड़ने की मुहिम में बाधा आ रही है। वहीं, सेक्टर-3 चौकी इंचार्ज मनोज ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

यह भी पढ़ें– श्रीगंगानगर के प्राइवेट स्कूल में 9 साल के बच्चे की मौत, वाटर कूलर से करंट लगने का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed