August 12, 2026

Yamunanagar News: यमुनानगर प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस, महिला मित्र से दोस्ती बनी काल, सिर पर ईंट मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
Yamunanagar News: यमुनानगर प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस, महिला मित्र से दोस्ती बनी काल, सिर पर ईंट मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

यमुनानगर प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस, महिला मित्र से दोस्ती बनी काल, सिर पर ईंट मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Yamunanagar News: हरियाणा के यमुनानगर में 5 अगस्त को हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर शिवकुमार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए-2 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आशीष को कलानौर बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच और पूछताछ में सामने आया है कि इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने की वजह कोई पैसों का लेन-देन या जमीनी विवाद नहीं, बल्कि एक कॉमन महिला फ्रेंड को लेकर बढ़ा त्रिकोणीय विवाद था।

पीछा कर सिर में मारी ईंट, 15 मिनट सड़क पर तड़पता रहा व्यापारी

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि मृतक शिवकुमार और आरोपी आशीष, दोनों एक ही महिला के परिचित थे। आशीष को शिवकुमार की उस महिला से बातचीत और दोस्ती सख्त नापसंद थी, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले भी अनबन हो चुकी थी। वारदात वाले दिन 5 अगस्त को शिवकुमार महिला से मिलने निकला था, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। जब वह वापस लौट रहा था और रास्ते में फोन पर बात कर रहा था, तब हेलमेट पहने आशीष बाइक से उसका पीछा कर रहा था। सुनसान जगह देखकर आशीष ने पीछे से शिवकुमार के सिर पर भारी ईंट से तगड़ा वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल शिवकुमार करीब 15 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज, पुलिस रिमांड की तैयारी

वारदात के बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध हेलमेट पहने बाइक पर घूमता हुआ नजर आया था। पुलिस ने जब कड़ी से कड़ी जोड़ी और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया, तो संदिग्ध की पहचान आशीष के रूप में हुई। डीएसपी रजत गुलिया के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात में प्रयुक्त बाइक और ईंट बरामद की जा सके। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाएगी कि यह हत्या एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी या मौके पर गुस्से में आकर हमला किया गया। फिलहाल इस मामले में महिला की किसी संलिप्तता के साक्ष्य नहीं मिले हैं।

परिवार में पसरा मातम

मूल रूप से भगवानगढ़ के रहने वाले 51 वर्षीय शिवकुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके बड़े बेटे अक्षय ने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है और वह एमडी की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा सार्थक केमिस्ट का काम संभालता है। परिजनों ने बताया कि घटना के दिन शिवकुमार दवाई लेने की बात कहकर घर से निकले थे। इस दुखद घटना के बाद से ही क्षेत्र में सन्नाटा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें– यमुनानगर नगर निगम में किसानों का हल्लाबोल, प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी पर धरना, 1 महीने का मिला अल्टीमेटम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed