Karnal News: खेलें या परीक्षा दें? खिलाडिय़ों के सामने बड़ा असमंजस

खेलें या परीक्षा दें? खिलाडिय़ों के सामने बड़ा असमंजस
Karnal News (मुनीश मुंडे) हरियाणा के स्कूलों में इन दिनों खिलाड़ी खेल मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं परीक्षा की घंटी भी नजदीक आ गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से 59 वें राज्य स्तरीय स्कूल खेलों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। प्रतियोगिताओं का आगाज 18 अगस्त से होगा और छह चरणों में चलने वाली यह खेल प्रतियोगिताएं 18 सितंबर तक जारी रहेंगी। दूसरी ओर विद्यार्थियों की सेट-1 मूल्यांकन परीक्षाएं 25 अगस्त से शुरू होनी हैं।
ऐसे में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाडिय़ों के सामने मैदान और परीक्षा कक्ष के बीच तालमेल बैठाने की चुनौती खड़ी हो गई है। खास बात यह है कि खेल प्रतियोगिताओं के कुछ चरण परीक्षा की तारीखों के आसपास ही पड़ रहे हैं। खिलाडिय़ों को एक तरफ जिले और राज्य का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा तो दूसरी ओर परीक्षा की तैयारी और उसमें शामिल होने की चिंता भी रहेगी।
छह चरणों में होंगे राज्य स्तरीय मुकाबले
राज्य स्तरीय स्कूल खेलों का आयोजन इस बार छह चरणों में अलग-अलग जिलों में किया जाएगा। पहला चरण 18 से 20 अगस्त तक यमुनानगर, भिवानी, हांसी और झज्जर में आयोजित होगा। इसके बाद दूसरा चरण 22 से 24 अगस्त तक अंबाला, गुरुग्राम, पानीपत और फरीदाबाद में होगा।
तीसरे चरण में 28 से 30 अगस्त तक जींद, सोनीपत, चरखी दादरी और फतेहाबाद में मुकाबले होंगे। चौथे चरण 4 से 6 सितंबर तक रोहतक, हिसार, कैथल और करनाल में आयोजित किया जाएगा। पांचवें चरण में 10 से 12 सितंबर तक पंचकूला, कुरुक्षेत्र और पलवल में खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। अंतिम चरण 16 से 18 सितंबर तक रेवाड़ी, सिरसा, महेंद्रगढ़ और नूंह में होगा।
33 खेलों में प्रतिभा दिखाएंगे खिलाड़ी
59 वें राज्य स्तरीय स्कूल खेलों में इस बार कुल 33 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, तैराकी, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती जैसे खेल शामिल हैं।
इसके अलावा बेसबॉल, शतरंज, क्रिकेट, कबड्डी, कराटे, खो-खो, नेटबॉल, स्केटिंग, सॉफ्टबॉल और योगासन जैसे खेलों में भी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस बार वुशू, मॉडर्न पेंटाथलान और स्क्वैश को पहली बार राज्य स्तरीय स्कूल खेलों में शामिल किया गया है।
खेल या परीक्षा, खिलाडिय़ों की दोहरी चुनौती
राज्य स्तरीय स्कूल खेलों और सेट-1 परीक्षा के शेड्यूल में कम अंतर ने खिलाडिय़ों की चिंता बढ़ा दी है। 18 से 24 अगस्त तक पहले और दूसरे चरण की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि इसके ठीक अगले दिन यानी 25 अगस्त से सेट-1 परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। ऐसे में शुरुआती चरणों में खेलने वाले खिलाडिय़ों को मैदान पर पसीना बहाने के साथ ही परीक्षा की तैयारी भी करनी होगी।
यही नहीं, 28 अगस्त से शुरू होने वाले तीसरे चरण के मुकाबलों के दौरान भी सेट-1 परीक्षाएं जारी रहेंगी। ऐसे में खिलाडिय़ों के लिए खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ पढ़ाई पर फोकस बनाए रखना आसान नहीं होगा।
दस्तावेज अधूरे होने पर टीम भी हो सकती है बाहर
राज्य स्तरीय स्कूल खेलों में खिलाडिय़ों के लिए नियम भी सख्त रखे गए हैं। खिलाड़ी का संबंधित स्कूल में पंजीकृत होना अनिवार्य है। एक खिलाड़ी दो माइनर और एक मेजर खेल में हिस्सा ले सकता है।
आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के खिलाडिय़ों के लिए जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट और एवीटी टेस्ट अनिवार्य किया गया है। दस्तावेज पूरे नहीं होने की स्थिति में खिलाड़ी के साथ पूरी टीम के बाहर होने का भी प्रावधान है। इसलिए स्कूलों को प्रतियोगिता से पहले खिलाडिय़ों के दस्तावेजों की जांच पूरी करने पर भी विशेष ध्यान देना होगा।
मुख्यालय से आया शेड्यूल, अभी नहीं मिली आपत्ति
जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय स्कूल खेलों का शेड्यूल मुख्यालय की ओर से जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक उनके पास किसी बच्चे की ओर से खेल और परीक्षा के शेड्यूल को लेकर कोई आपत्ति नहीं आई है।
यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट
