अवैध शराब का खेल नाकाबंदी में हुआ बेनकाब, कपड़े के थैले से मिली 13 बोतल शराब

Narnaul Crime News शराब की अवैध खरीद-फरोख्त एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी थाना नारनौल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमल कुमार निवासी गांधी कॉलोनी, नारनौल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 बोतल देसी शराब मार्का रसीला संतरा तथा 7 बोतल अंग्रेजी शराब मार्का रॉयल स्टैग बरामद की हैं।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि सिटी थाना नारनौल पुलिस टीम गश्त के दौरान सरकारी अस्पताल, नारनौल के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कमल कुमार निवासी गांधी कॉलोनी, नारनौल अवैध रूप से शराब की खरीद-फरोख्त का काम करता है और शराब लेकर इसी रास्ते से आने वाला है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ समय बाद बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति कपड़े का थैला लेकर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर उसका नाम-पता पूछा, जिसने अपना नाम कमल कुमार बताया।
पुलिस द्वारा उसके पास मौजूद कपड़े के थैले की तलाशी लेने पर उसमें 6 बोतल देसी शराब मार्का रसीला संतरा तथा 7 बोतल अंग्रेजी शराब मार्का रॉयल स्टैग बरामद हुईं। आरोपी से शराब रखने संबंधी लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने बरामद अवैध शराब को कब्जे में लेकर सिटी थाना नारनौल में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है। महेंद्रगढ़ पुलिस की आमजन से अपील: जिले में यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब की खरीद-फरोख्त या बिक्री करता है अथवा इस संबंध में किसी को जानकारी है, तो इसकी सूचना तुरंत डायल 112 पर अथवा नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।
