August 13, 2026

राजकीय आईटीआई डेरोली अहीर में निकाली तिरंगा यात्रा

0
Narnaul 2

Narnaul education News राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) डेरोली अहीर में गत दिवस अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, डिबेट प्रतियोगिता और कौशल प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि हरियाणा रोडवेज के जीएम देवदत्त तथा विशिष्ट अतिथि मदन मोहन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
मुख्य अतिथि देवदत्त ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की वास्तविक रीढ़ होते हैं। आज के युवाओं में तकनीक और नवाचार के दम पर दुनिया को एक नई दिशा देने की असीम क्षमता है, बस आवश्यकता उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की है। इस वर्ष की विशेष थीम ‘विभिन्न संदर्भ, सांझी आकांक्षाएं’ पर आयोजित विचार गोष्ठी में युवाओं ने सतत विकास और डिजिटल क्रांति में अपनी भूमिका को लेकर विचार साझा किए। इसके अलावा युवा उद्यमियों और विद्यार्थियों ने अपने नए स्टार्टअप आइडिया और तकनीकी नवाचारों पर भी प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, नाटक और पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के अंत में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान के प्रधानाचार्य विनोद खनगवाल ने सभी युवाओं से राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. सुरेश कुमारी ने किया।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा एक विशाल तिरंगा यात्रा भी निकाली गई।
इस दौरान मेजर वीरेंद्र सेकवाल, संदीप मांदी, अमित, हर्षवर्धन, मनीषा यादव, शिवचरण चौहान, दिनेश, नीरज यादव, शक्ति सहित विभिन्न संस्थाओं के गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *