September 30, 2026

नारनौल में अचानक तपने लगा मकान का फर्श, पानी डालते ही उबला

0
नारनौल में अचानक तपने लगा मकान का फर्श, पानी डालते ही उबला

नारनौल में अचानक तपने लगा मकान का फर्श, पानी डालते ही उबला

नारनौल. सीहमा गांव में गुरुवार सुबह भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिला प्रधान अजीत यादव के घर में अचानक अफरा-तफरी मच गई। अजीत यादव के मुताबिक, सुबह उठने पर मकान का करीब 15 फीट हिस्सा बेहद गर्म था और वहां नंगे पैर खड़ा होना मुश्किल हो गया था।

परिवार ने फर्श पर फ्रिज का ठंडा पानी डालकर देखा तो पानी कुछ ही सेकेंड में उबलने लगा। गर्मी इतनी ज्यादा थी कि परिवार को लगा जैसे जमीन के अंदर से लावा निकल रहा हो। इसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और बिजली निगम की टीम ने की जांच

अजीत यादव ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलने के बाद फैजाबाद पुलिस चौकी की टीम और सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घर की जांच की।

पुलिस ने बिजली निगम के कर्मचारियों को भी बुलाया, लेकिन शुरुआती जांच में फर्श गर्म होने की वजह पता नहीं चल सकी। इसके बाद गर्म हिस्से का फर्श तोड़कर नीचे जांच की गई। वहां कोई बिजली का तार नहीं मिला, जबकि फर्श के नीचे की ईंट भी गर्म हो रही थी।

स्थानीय इलेक्ट्रीशियन ने पकड़ा बिजली का फॉल्ट

जब बिजली निगम की टीम कारण नहीं तलाश सकी तो मकान की फिटिंग करने वाले इलेक्ट्रीशियन को बुलाया गया। अजीत यादव के मुताबिक, इलेक्ट्रीशियन ने जांच के दौरान बिजली की लाइन में तकनीकी खराबी पकड़ी।

इलेक्ट्रीशियन अनूप ने बताया कि खराबी मुख्य एमसीबी बॉक्स में मिली। वहां एक फेस तार अपनी जगह से हटा हुआ था और स्पार्किंग कर रहा था। फेस लाइन के अर्थ वाले तार से संपर्क होने के कारण अर्थिंग बन रही थी, जिससे फर्श में करंट जैसा प्रभाव महसूस हो रहा था।

फॉल्ट ठीक होते ही फर्श हुआ सामान्य

इलेक्ट्रीशियन के मुताबिक, फर्श पर नंगे पैर खड़ा होना मुश्किल था और उसे हाथ लगाने में भी परेशानी हो रही थी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन से कोई लावा नहीं निकल रहा था और समस्या बिजली के फॉल्ट से जुड़ी थी।

फॉल्ट ठीक करने के बाद कुछ ही देर में फर्श की गर्मी कम होने लगी। इसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान घर खाली कर दिया गया था और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे।

एसएचओ बोले- बिजली का फॉल्ट मिला था

सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अजीत यादव के घर का फर्श गर्म होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान इलेक्ट्रीशियन ने बिजली का फॉल्ट पकड़ा, जिसे ठीक कर दिया गया। धर्मवीर सिंह ने साफ किया कि लावा निकलने जैसी कोई बात नहीं थी। फॉल्ट ठीक होने के बाद फर्श का गर्म होना भी बंद हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed