Yamunanagar News: यमुनानगर में घर में अकेली 56 वर्षीय महिला की सिर फोड़कर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

यमुनानगर में घर में अकेली 56 वर्षीय महिला की सिर फोड़कर हत्या
Yamunanagar News: हरियाणा के औद्योगिक शहर यमुनानगर में बेखौफ अपराधियों ने एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। थाना क्षेत्र की शिव नगर खड्डा कॉलोनी में गुरुवार की देर शाम एक 56 वर्षीय महिला की उसके ही घर के भीतर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान पुष्पा रानी के रूप में हुई है, जिनके सिर पर किसी भारी चीज से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतारा गया। वारदात के वक्त महिला घर में बिल्कुल अकेली थी।
घटना के बाद आरोपी महिला को खून से लथपथ हालत में जमीन पर छोड़कर मौके से आसानी से फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात की खबर फैलते ही पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया।
ड्यूटी से लौटे बेटे के उड़े होश, मुख्य द्वार खुला मिलते ही गहराया शक
मृतका पुष्पा रानी अपने छोटे बेटे दीपक के साथ रहती थीं, जबकि उनका बड़ा बेटा पवन अपने परिवार के साथ पास में ही दूसरे मकान में रहता है। पुष्पा रानी के पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। छोटा बेटा दीपक एक निजी कंपनी में कार्यरत है। गुरुवार शाम को जब वह हमेशा की तरह अपनी शिफ्ट पूरी कर रात करीब आठ बजे घर पहुंचा, तो उसे मुख्य दरवाजा खुला मिला।
आमतौर पर घर का दरवाजा बंद रहता था, इसलिए दीपक को अनहोनी का अंदेशा हुआ। उसने अंदर जाकर मां को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब वह कमरे के भीतर दाखिल हुआ तो सामने का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी मां जमीन पर बेसुध पड़ी थी और चारों तरफ खून फैला हुआ था।
“हां मम्मी बोलो…” सुनते ही रो पड़ा भाई, बोला— किसी ने मां को मार दिया
जिस वक्त दीपक अपनी मां के बेजान शरीर को संभालने की कोशिश कर रहा था, ठीक उसी समय उसके मोबाइल पर उसकी बहन पूजा की कॉल आई। दरअसल, पूजा काफी देर से मां से बात करना चाह रही थी और दीपक ने घर पहुंचकर मां से बात कराने का वादा किया था।
जैसे ही दीपक ने कॉल रिसीव की, दूसरी तरफ से पूजा ने उत्साह में कहा— “हां मम्मी, बोलो।” लेकिन उधर से मां की जगह भाई के फूट-फूटकर रोने की आवाज आई। दीपक ने बिलखते हुए बहन को बताया, “मां को किसी ने मार दिया है।” यह सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए।
एसपी और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं, लूटपाट के कोण से जांच तेज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। एसपी कमलदीप गोयल, डीएसपी रजत गुलिया और सीआईए (CIA) की अलग-अलग टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए।
सब इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच के तथ्यों को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि किसी अज्ञात बदमाश ने लूट के इरादे से घर में प्रवेश किया होगा और विरोध करने पर महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर के नागरिक अस्पताल की मॉर्च्यूरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र में बिजली की तार से टकराई सीढ़ी, 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत
