August 15, 2026

Chandigarh Tiranga Yatra: सुखना लेक पर तिरंगे के साथ दौड़ा देशभक्ति का जज्बा, प्रशासक ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

0
Chandigarh Tiranga Yatra: सुखना लेक पर तिरंगे के साथ दौड़ा देशभक्ति का जज्बा, प्रशासक ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

सुखना लेक पर तिरंगे के साथ दौड़ा देशभक्ति का जज्बा

Chandigarh Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सुखना लेक पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ वॉकाथॉन में वीरवार को देशभक्ति का जज्बा नजर आया। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने वॉकाथॉन में हिस्सा लेकर लोगों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शहरवासियों, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तिरंगे के साथ वॉकाथॉन में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन ‘वंदे मातरम्’ की भावना और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के साहस और बलिदान को नमन करने के लिए किया गया। इस मौके पर मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, गृह सचिव मनदीप सिंह बराड़ और पर्यटन-सह-संस्कृति सचिव डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह भी मौजूद रहे।

प्रशासक ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को तिरंगे से जोड़ने के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से 9 से 17 अगस्त तक देशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और तिरंगे को सम्मान के साथ हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करें और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को हमेशा याद रखें। उन्होंने कहा कि युवा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और नशे समेत अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने शहरवासियों से राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

वॉकाथॉन के दौरान लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। नागरिकों से घरों, कार्यालयों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने या प्रदर्शित करने की अपील की गई। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करने और डिजिटल प्रमाणपत्र प्राप्त करने की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया पर #HarGharTiranga और #HGT2026 के जरिए अभियान से जुड़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिभागियों को ‘नशा मुक्त’ शपथ दिलाई। लोगों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कटारिया ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रशासन के अधिकारियों, विभिन्न विभागों, संस्थानों, संगठनों, युवाओं और शहरवासियों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed