Punjab News: एनआईए ने पंजाब में विहिप नेता की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया

एनआईए ने पंजाब में विहिप नेता की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया
Punjab News: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पंजाब के नांगल में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसी द्वारा जारी ‘लुक आउट सर्कुलर’ (एलओसी) के आधार पर बृहस्पतिवार को अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर आव्रजन अधिकारियों ने आरोपी मनवीर राम उर्फ आशु को हिरासत में लिया।
आतंकवाद-रोधी एजेंसी के एक बयान में कहा गया है कि इसके बाद एजेंसी ने उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्यवाही के लिए उसे एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। यह मामला नांगल में स्थानीय विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता प्रभाकर की हत्या से जुड़ा है। एनआईए ने नौ मई, 2024 को जांच का जिम्मा अपने हाथ में लिया और अब तक एक आरोपपत्र के साथ-साथ दो अनुपूरक आरोपपत्र भी दाखिल कर चुकी है। एनआईए की जांच के अनुसार प्रभाकर को खत्म करने की साजिश प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के जर्मनी में मौजूद आकाओं ने रची थी जिनकी पहचान हरजीत सिंह उर्फ लड्डी और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू के तौर पर हुई है।
जांच अधिकारियों ने पाया कि हत्या को अंजाम देने के लिए हथियार उपलब्ध कराने के मकसद से मनवीर राम को भर्ती किया गया था। जांच एजेंसी ने बताया कि वह यूएई से काम करता था और जर्मनी में मौजूद आकाओं तथा भारत में हथियार आपूर्ति करने वालों एवं अन्य साथियों के बीच एक अहम कड़ी का काम करता था। एनआईए ने बताया कि उसकी भूमिका विदेश में बैठे साजिश रचने वालों और भारत में उनके गुर्गों के बीच संपर्क स्थापित कराने की थी जिससे लक्षित हत्या को अंजाम देने में मदद मिलती थी।
