Entertainment News: कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में न्योता न मिलने पर बिफरे मिथुन चक्रवर्ती, बोले— ‘शायद मैं छोटा कलाकार हूं’

कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में न्योता न मिलने पर बिफरे मिथुन चक्रवर्ती, बोले— 'शायद मैं छोटा कलाकार हूं'
Entertainment News: अपने बेबाक बयानों और अलग अंदाज के लिए जाने जाने वाले हिंदी और बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनकी नाराजगी की वजह बना है पश्चिम बंगाल का सबसे प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन—’कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’। मिथुन दा ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में उन्हें अब तक आमंत्रित ही नहीं किया गया है।
कोलकाता के नंदन में बंगाली सिनेमा के युगपुरुष उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी वर्ष समारोह की तैयारियों को लेकर बुलाई गई एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद मिथुन चक्रवर्ती मीडिया से मुखातिब थे। इस बैठक में टॉलीवुड के तमाम दिग्गज जैसे प्रसेनजीत चटर्जी, रुद्रनील घोष, अरिंदम सिल, सृजीत मुखर्जी और कंचन मल्लिक मौजूद थे।
“बाहर से लोगों को बुलाते हैं, पर अपनों को भूल जाते हैं”
जब पत्रकारों ने मिथुन चक्रवर्ती से आगामी फिल्म फेस्टिवल में उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल पूछा, तो उनका दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा, “मुझे तो न्योता नहीं मिला, मुझे भी बाहर कर दिया गया है। अब मैं मॉस्को जा रहा हूं, शायद वहां से लौटने के बाद मुझे याद किया जाए। मॉस्को में मुझे पूरे सम्मान के साथ बुलाया जा रहा है, लेकिन बंगाल में ही मेरी उपेक्षा की जा रही है।”
#WATCH | Kolkata, West Bengal: On meeting with CM Suvendu Adhikari regarding the centenary celebrations for legendary Bengali actor Uttam Kumar, BJP leader and Actor Mithun Chakraborty says, “…I wasn’t invited to the Film Festival. I am going to Moscow now; perhaps they will… pic.twitter.com/z4owZ0vIGM
— ANI (@ANI) August 13, 2026
तंज कसते हुए ‘डिस्को डांसर’ फेम अभिनेता ने आगे कहा, “शायद मैं यहां बहुत छोटा कलाकार हूं, इसीलिए मुझे नहीं बुलाते। लेकिन उन लोगों को बड़े सम्मान से बुलाया जाता है, जिनका बंगाल की मिट्टी या बंगाली सिनेमा से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है।”
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, प्रशंसकों में गुस्सा
मिथुन चक्रवर्ती के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो रहा है। उनके प्रशंसक और बंगाली सिनेमा के प्रेमी राज्य सरकार की इस अनदेखी पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके और भारतीय सिनेमा में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाले दादा के साथ ऐसा व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल सरकार महान अभिनेता उत्तम कुमार की 100वीं जयंती के मौके पर पूरे साल कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, जिसका मुख्य पड़ाव 3 से 6 सितंबर के बीच होना तय हुआ है। इसी सिलसिले में फिल्म फेस्टिवल की भी रूपरेखा तैयार की जा रही है, लेकिन मिथुन दा के इस बयान ने राज्य के सांस्कृतिक गलियारों में एक नया राजनीतिक और कलात्मक विवाद खड़ा कर दिया है।
यह भी पढ़ें– प्रियंका चोपड़ा ने खास अंदाज में किया श्रीदेवी को याद, शेयर किया बायोग्राफी का पहला लुक
