August 19, 2026

Jind Farmers Protest: जींद-खनौरी बॉर्डर पर टला टकराव, 4 सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिलेंगे किसान

0
Jind Farmers Protest: जींद-खनौरी बॉर्डर पर टला टकराव, 4 सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिलेंगे किसान

जींद-खनौरी बॉर्डर पर टला टकराव, 4 सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिलेंगे किसान

Jind Farmers Protest: हरियाणा-पंजाब के दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर कई दिनों से बना गतिरोध आखिरकार बुधवार को टल गया। किसानों द्वारा घोषित 51 सदस्यों के जत्थे का अर्धनग्न मार्च प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सुबह से ही नरवाना के एसडीएम जगदीश चंद्र और डीएसपी कमलदीप राणा की अगुवाई में प्रशासनिक दल और किसान प्रतिनिधियों के बीच गहन दौर की बातचीत चली। वार्ता के दौरान किसानों की लंबित मांगों और उनके भावी आंदोलन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

4 सितंबर को मनोहर लाल से बैठक का मिला लिखित आश्वासन

वार्ता के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान नेताओं को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को केंद्रीय नेतृत्व तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ उच्चस्तरीय बैठक तय की गई है। लिखित आश्वासन मिलने के बाद एसडीएम और डीएसपी खुद पंजाब की सीमा में धरने पर बैठे किसानों के बीच पहुंचे और उन्हें बैठक में बनी सहमति की आधिकारिक जानकारी दी।

‘4 सितंबर के बाद तय करेंगे आगे की राह’: जगजीत सिंह डल्लेवाल

प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने 51 किसानों के जत्थे के अर्धनग्न पैदल मार्च को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का ऐलान किया। डल्लेवाल ने स्पष्ट किया कि आंदोलन खत्म नहीं हुआ है, बल्कि इसे केवल 4 सितंबर तक के लिए टाला गया है।

4 सितंबर की बैठक के जो भी नतीजे निकलेंगे, उसी के आधार पर आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। किसान नेताओं को उम्मीद है कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के साथ इस बातचीत के बाद जल्द ही केंद्रीय कृषि मंत्री से भी वार्ता का दौर शुरू हो सकता है।

खुलेंगे रास्ते, आम जनता को मिलेगी राहत

नरवाना के एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि किसानों के साथ बातचीत बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने जानकारी दी कि जैसे ही किसान बॉर्डर से अपनी ट्रॉलियां और टेंट समेटकर वापस लौटना शुरू करेंगे, हरियाणा पुलिस की ओर से लगाई गई सुरक्षा बैरिकेडिंग को तुरंत हटा लिया जाएगा। बैरिकेड्स हटने से पिछले कई दिनों से प्रभावित खनौरी बॉर्डर पर यातायात व्यवस्था एक बार फिर सुचारू हो सकेगी, जिससे आम राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें– नूंह में ACB का बड़ा एक्शन, पोक्सो केस में अनुकूल रिपोर्ट देने के नाम पर 2.5 लाख रिश्वत लेते डॉक्टर गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed