Achari Aloo Recipe: रोज-रोज की आलू की सब्जी से हो गए हैं बोर? बनाएं Chef Prateek स्टाइल अचारी आलू

रोज-रोज की आलू की सब्जी से हो गए हैं बोर? बनाएं Chef Prateek स्टाइल अचारी आलू
Achari Aloo Recipe: हर भारतीय रसोई में आलू सबसे ज्यादा बनाई जाने वाली सब्जी है। लेकिन कई बार बार-बार एक ही तरीके से पके आलू खाकर स्वाद थोड़ा फीका लगने लगता है। ऐसे में पूरी रेसिपी को बदलने के बजाय सिर्फ एक खास चीज का ट्विस्ट सब्जी का पूरा मूड बदल सकता है। मशहूर शेफ प्रतीक (Chef Prateek’s Kitchen) की अचारी आलू रेसिपी इसी आइडिया पर आधारित है। इसमें आलू के बड़े टुकड़ों को मसालों के साथ फ्राई करके दही, बेसन और अचार के चटपटे मिश्रण में धीमी आंच पर पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद बिल्कुल अलग और लाजवाब हो जाता है।
अचारी आलू बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस खास डिश को बनाने के लिए किसी दुर्लभ मसाले की जरूरत नहीं है, बल्कि किचन में मौजूद चीजों से ही काम चल जाता है:
मुख्य सामग्री: बड़े आलू (4-5), दही (½ कप), घर का बना अचार (1-2 चम्मच), बेसन (2 चम्मच)।
तड़का व मसाले: बारीक कटा प्याज (1), हरी मिर्च (1-2), अदरक-लहसुन पेस्ट (1 चम्मच), तेल (6-7 चम्मच), जीरा (½ चम्मच)।
सूखे मसाले: धनिया पाउडर (2 छोटे चम्मच), कश्मीरी लाल मिर्च (2½ चम्मच), हल्दी (1 चम्मच), जीरा पाउडर (½ चम्मच), गरम मसाला (½ चम्मच से कम), नमक (स्वादानुसार), पानी (2 कप) और हरा धनिया।
अचारी आलू बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि
आलू को मैरीनेट व फ्राई करें: आलू को छीलकर थोड़े बड़े टुकड़ों में काटें। इसमें हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च और धनिया पाउडर मिलाकर टॉस करें। पैन में 3-4 चम्मच तेल गर्म करके आलू को मध्यम आंच पर सुनहरा और पकने तक भून लें, फिर एक तरफ निकाल लें।
अचारी-दही का स्पेशल पेस्ट बनाएं: एक बाउल में दही लें। इसमें बेसन, हल्दी, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, थोड़ा गरम मसाला और नमक डालें। अब इसमें सबसे मुख्य चीज यानी 1 से 2 चम्मच अचार (आम या मिर्च का) डालकर अच्छी तरह फेंट लें।
तड़का और ग्रेवी की तैयारी: दूसरे पैन में तेल गर्म करके जीरा, कटी हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कच्चापन खत्म होने तक पकाएं। अब फ्राई किए हुए आलू डालें ताकि वे तड़के का स्वाद सोख लें।
धीमी आंच पर पकाएं: अब तैयार अचारी-दही का मिश्रण पैन में डालकर तेजी से चलाएं। फिर दो कप पानी मिलाकर आंच धीमी कर दें और ढक्कन लगाकर 3-4 मिनट तक पकने दें। धीमी आंच पर पकाने से दही फटती नहीं है और बेसन की वजह से ग्रेवी गाढ़ी व क्रीमी बनती है।
गार्निशिंग और सर्विंग: जब ग्रेवी में से तेल अलग होने लगे और मनचाहा गाढ़ापन आ जाए, तो गैस बंद कर ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया छिड़कें। लीजिये, आपके गरमा-गरम चटपटे अचारी आलू बनकर तैयार हैं। इसे पूरी, पराठे या उबले हुए चावल के साथ परोसें।
यह भी पढ़ें– बच्चों के टिफिन का झंझट खत्म! शेफ संजीव कपूर से सीखें हेल्दी गाजर-चुकंदर कटलेट की आसान रेसिपी
