August 25, 2026

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में NH-44 पर खड्डे में पलटा सरियों से लदा ट्रक, बारामूला के कश्मीरी चालक की मौत

0
Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में NH-44 पर खड्डे में पलटा सरियों से लदा ट्रक, बारामूला के कश्मीरी चालक की मौत

कुरुक्षेत्र में NH-44 पर खड्डे में पलटा सरियों से लदा ट्रक

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद मार्कंडेय इलाके में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मारकंडा कॉलोनी के पास लोहे के सरियों से भरे एक ट्रक को तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने भीषण टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर जीटी रोड से नीचे गहरे खड्डे में जा गिरा। हादसे के वक्त ट्रक में लदे भारी-भरकम सरिये के नीचे चालक और उसका साथी बुरी तरह दब गए।

हाइड्रा और क्रेन की मदद से निकाले गए, अस्पताल में चालक ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। ट्रक में दबे दोनों लोगों को बाहर निकालने के लिए भारी-भरकम हाइड्रा और क्रेन मशीनों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद लोहे के सरियों को हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया और तुरंत एंबुलेंस के जरिए शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जहांगीर अहमद रेशी (25) निवासी गांव बहरामपुर, जिला बारामूला (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल उसके साथी मुस्तफा को प्राथमिक उपचार के बाद कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल और फिर वहां से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जिग-जैग स्टाइल में चल रही थी ट्रैक्टर-ट्रॉली, भाई के बयानों पर केस दर्ज

मृतक के भाई तौसीफ अहमद रेशी ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि हादसे की खबर मिलते ही वह शाहाबाद पहुंचा था। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली (HR92-7603) का चालक बेहद तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। वह सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को नागिन चाल (जिग-जैग) में लहरा रहा था, जिस कारण यह खौफनाक हादसा हुआ।

शाहाबाद थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या न करने की नीयत से जानलेवा हादसा करने की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें– अंबाला में नानी की डांट से नाराज 19 साल की युवती गायब, कपड़ों का बैग लेकर निकली; पुलिस अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *