व्यापारी पर लाठी डंडों से हमला, दो बाइको पर आए थे 4 हमलावर, आरोपी गिरफ्त से बाहर

Narnaul Crime News: नारनौल के एक व्यापारी शशि भारत को पुरानी मंडी रेलवे अंडरपास से बाहर निकलते ही दो बाइको पर आए चार युवकों ने पीट-पीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। घायल को नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां पर उसको गंभीर हालत में भर्ती कर लिया गया और आज मंगलवार सुबह 11.30 बजे परिवार के सदस्य उसे जयपुर इलाज के लिए ले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुल बाजार नारनौल में व्यापारी शशि भारत की सुभाष वॉच कंपनी के नाम से एक बड़ी दुकान है। व्यापारी हर रोज की तरह सोमवार रात को करीब 9 बजे अपनी दुकान से बाइक पर सवार होकर पुरानी मंडी में अपने घर जा रहा था। महता चौक से आगे अंडरपास के नजदीक दो बाइक पर सवार चार युवकों ने उसका पीछा किया। इसके बाद उन्होंने किशोरी लाल स्कूल के पास उसके आगे बाइक लगाकर रोक लिया और रोकने के बाद उन लोगों ने लाठी डंडों से शशि भारत के साथ बुरी तरह मारपीट की।
इस दौरान व्यापारी के चिल्लाने से मोहल्ला वासी एकत्रित हो गए, जिसके कारण मारपीट करने वाले आरोपी वहां से भाग गए। उन्होंने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यापारी शशि भारत को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट होना पाया गया। इस बारे में व्यापारी के परिवार वाले एवं मोहल्ला वासियों ने बताया कि पीड़ित के परिवार वालों का किसी नंबरदार के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। उन्होंने अंदेशा जताया कि हो सकता हैं कि इस हमले के पीछे उसका हाथ हो।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र चौधरी को जब इस घटना की जानकारी मिली तो वह जिला के वरिष्ठ महामंत्री श्री बिशन सैनी, वरिष्ठ उप प्रधान धर्मवीर यादव, व्यापार सुरक्षा मंच के मीडिया प्रभारी सोमदेव शर्मा के साथ सरकारी अस्पताल के ट्रामा सेंटर वार्ड में पहुंचे, वहां उन्होंने व्यापारी शशि भारत और उनके परिवार वालों से बातचीत कर सारे मामले की जानकारी ली। घायल व्यापारी शशि भारत ने बताया कि उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था, ना ही पिछले कुछ महीनो में किसी से उसकी कोई कहासुनी हुई। उसने अंदेशा जताया कि एक नंबरदार जिनसे उनका पारिवारिक जमीनों का विवाद चल रहा है, उसने पहले कई बार देख लेने व हाथ-पांव तोड़ने की धमकी दी थी, तो हो सकता है कि उसने ही यह हमला करवाया हो।
मंच के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र चौधरी ने इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मंडल के साथ सिटी थाना एसएचओ इंस्पेक्टर बीरेंद्र कुमार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि इसकी FIR दर्ज की जा रही है और घटना के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी हम लेंगे ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आरोपी शीघ्र पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
