August 25, 2026

असफलता कोई अपराध नहीं है, लेकिन छोटे सपने देखना अवश्य अपराध है

0
Nnl 4

Narnaul News: राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज परीक्षा की प्रकृति, चयन प्रक्रिया एवं प्रभावी तैयारी की रणनीति से अवगत कराने के उद्देश्य से कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विशेष मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक सिविल सर्विसेज अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम योगेश सैनी आईएएस, राजकीय महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह, राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य महेंद्र सिंह एवं प्लेसमेंट सेल प्रभारी अलका द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में योगेश सैनी ने विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज परीक्षा के तीनों चरणों—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा एवं व्यक्तित्व परीक्षण—की जानकारी दी। उन्होंने वैकल्पिक विषय के चयन, अध्ययन सामग्री, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन, समसामयिक घटनाओं के अध्ययन तथा नियमित अभ्यास के बारे में उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों वाला विद्यार्थी भी सही रणनीति, अनुशासन, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। प्लेसमेंट सेल प्रभारी अलका ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने तथा उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रो विक्रम सिंह ने कहा कि असफलता कोई अपराध नहीं है, लेकिन छोटे सपने देखना अवश्य अपराध है। उन्होंने कहा कि असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य महेंद्र सिंह ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यकारी प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह ने कहा कि सिविल सर्विसेज परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है, जिसमें सफलता के लिए सही मार्गदर्शन, अनुशासन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह ने मुख्य अतिथि, अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed